हंसते हुए दिल्ली जा रहा हूं, हंसते हुए आऊंगा: भूपेश
छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री का नाम तय करने की चल रही कवायद के बीच कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के बुलावे पर दिल्ली रवाना हुए इस पद के प्रमुख दावेदार भूपेश बघेल ने कहा कि हंसते हुए दिल्ली जा रहा हूं, हंसते हुए आऊंगा।
छत्तीसगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष भूपेश बघेल |
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बघेल ने दिल्ली रवाना होने से पहले ट्वीट किया कि जिस तरह मैं हंसते हुए दिल्ली जा रहा हूं उसी तरह से हंसते हुए आऊंगा। आज राज्य के लिए, हम सब के लिए बहुत बड़ा दिन है, जो भी निर्णय होगा अच्छा होगा। आलाकमान ने मुझे बहुमत लाने की जिम्मेदारी दी थी, अब आगे जो भी जिम्मेदारी मिलेगी, उसका मैं ईमानदारी के साथ निर्वहन करूंगा। इस ट्वीट से उनके समर्थक बड़ा संकेत मान रहे है।
2013 के विधानसभा चुनावों में पार्टी की हार के तुरंत बाद प्रदेश अध्यक्ष का दायित्व संभालने वाले बघेल मुख्यमंत्री पद के सबसे प्रबल दावेदार हैं।
बघेल ने पिछले लगभग पांच साल भाजपा सरकार के खिलाफ लगातार संघर्ष किया, जिसके चलते उन्हें काफी उत्पीड़न का भी शिकार होना पड़ा। उनके खिलाफ व्यक्तिगत रूप से तमाम मामले दर्ज किए गए।
राज्य के चर्चित सीडी कांड में बघेल को जेल भी जाना पड़ा। इसके बावजूद उन्होंने राज्य में पार्टी को मजबूत बनाने का प्रयास किया। बघेल अविभाजित मध्य प्रदेश में दिग्विजय सरकार और छत्तीसगढ़ गठन के बाद जोगी सरकार में मंत्री रह चुके हैं।
| Tweet |