I.N.D.I.A. गठबंधन की मुंबई बैठक से पहले बोले लालू- नरेंद्र मोदी का नरेटी पकड़े हुए हैं हम

Last Updated 29 Aug 2023 03:43:21 PM IST

I.N.D.I.A. गठबंधन की मुंबई बैठक से पहले राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने कहा कि मुंबई में नरेंद्र मोदी के नरेटी (गले) पर चढ़ने जा रहे हैं।


राजद प्रमुख लालू यादव

राजद प्रमुख लालू यादव( Lalu Prasad Yadav) ने आज मीडिया से बात करते हुए कहा कि  हमलोग नरेंद्र मोदी का नरेटी पकड़े हुए हैं। उन्होंने आगे कहा कि  हम मोदी को हटाने के लिए एकजुट हैं।

पटना एयरपोर्ट पर लालू प्रसाद यादव (Lalu Prasad Yadav) ने प्रधानमंत्री पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) की नरेटी (गर्दन) पर चढ़ने के लिए मुंबई जा रहे हैं। नरेंद्र मोदी की नट्टी को हम लोग पकड़े हुए हैं और जल्दी नरेंद्र मोदी को हटाना है।

बता दें कि 1 सितंबर को I.N.D.I.A. गठबंधन की तीसरी बैठक मुंबई में होने जा रही है। मंगलवार ,29 अगस्त को लालू प्रसाद यादव (Lalu Prasad Yadav) और बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) मुंबई के लिए रवाना हुए।

विपक्षी दलों के गठबंधन I.N.D.I.A.की मुंबई में होने जा रही बैठक में कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी भी शामिल होंगी। इस बैठक में ''भाजपा चले जाओ'' का नारा दिया जाएगा।

पार्टी की महाराष्ट्र इकाई के प्रमुख नाना पटोले ने कहा कि इस बैठक में विपक्ष के गठबंधन ‘इंडिया’ का ‘लोगो’ भी जारी किया जाएगा।

इस बैठक में कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी, पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और आधा दर्जन राज्यों के मुख्यमंत्री समेत अन्य लोग शामिल होंगे।

पटोले ने कहा कि 'I.N.D.I.A.' गठबंधन में प्रधानमंत्री पद के लिए कई सक्षम उम्मीदवार हैं और दावा किया कि कुछ दल जो वर्तमान में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के घटक हैं, वे भी विपक्षी गठबंधन में शामिल हो सकते हैं।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पटोले ने कहा, ‘‘महात्मा गांधी ने 1942 में मुंबई से अंग्रेजों को 'चले जाओ' (भारत छोड़ो) का नारा दिया था। इसी तरह मुंबई में ‘इंडिया’ की बैठक में मोदी सरकार के लिए नारा 'चले जाओ'...''भाजपा चले जाओ'' दिया जाएगा। विपक्षी गठबंधन के लोगो का अनावरण 31 अगस्त को किया जाएगा।’’

 

समय लाइव डेस्क
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment