महागठबंधन विधायक दल की बैठक में नीतीश का ऐलान- तेजस्वी के नेतृत्व में ही लड़ेंगे 2025 का विधानसभा चुनाव

Last Updated 14 Dec 2022 10:45:51 AM IST

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार को तमाम अटकलों पर विराम लगाते हुए स्पष्ट कर दिया कि जदयू‚ राजद और कांग्रेस समेत अन्य दलों का महागठबंधन 2025 का बिहार विधानसभा चुनाव उप मुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव के नेतृत्व में लड़ेगा।


नीतीश ने विधानमंडल परिसर में महागठबंधन के विधायक दल की संयुक्त बैठक में उप मुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव की ओर इशारा करते हुए कहा कि अब इन्हें ही आगे बढाना है। 2025 में महागठबंधन उनके नेतृत्व में ही चुनाव लड़ेगा।

उन्होंने कहा‚ ‘मैं कभी प्रधानमंत्री पद की दौड़ में शामिल नहीं था और आज भी नहीं हूं। अब मेरा लय सिर्फ 2024 में भाजपा को दिल्ली की गद्दी से हटाना रह गया है। महागठबंधन बिहार में अगला चुनाव तेजस्वी के नेतृत्व में लड़ेगा और मैं खुद राष्ट्रीय स्तर पर विपक्ष को एकजुट करने की कोशिश करूंगा।'

मुख्यमंत्री ने कहा कि हम सब एकजुट होकर चुनाव लड़ेंगे तो अगले लोकसभा चुनाव में बिहार की किसी सीट पर भाजपा की जीत नहीं होगी और 2025के विधानसभा चुनाव में भी उसे सफलता नहीं मिलेगी।

उन्होंने कहा कि विपक्ष एकजुट हो तो केंद्र की सत्ता से भाजपा को हटाना असंभव भी नहीं है। हम तो कोशिश कर ही रहे हैं। इस पर अन्य दलों को भी विचार करना चाहिए। बैठक के बाद जब पत्रकारों ने मुख्यमंत्री से इस बारे में जब पूछा तब उन्होंने फिर से दोहराया‚ ‘हम शुरू से बोल रहे हैं कि ये नेतृत्व करेगा। यह कहते हुए नीतीश ने अपने पीछे खड़े तेजस्वी प्रसाद यादव को हाथ पकड़कर सामने लाया और कहा एकदम करेगा‚ समझ गए न।

इससे पहले भी उन्होंने कई बार ये बयान दिया है कि तेजस्वी यादव को आगे बढाना है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा है कि सत्र चाहे छोटा हो या बडा‚ सदन की बैठक काफी महत्वपूर्ण होती है। हम सभी सात दल एक साथ आये हैं। हमें अपनी एकता को धारदार तरीके से बरकरार रखना है। उन्होंने सभी सदस्यों से कहा है कि अपने–अपने क्षेत्र की समस्याओं को वह लिखकर मुझे दे जिस पर तुरंत कार्रवाई की जायेगी। हमारे महागठबन्धन में सभी जाति–धर्म के लोग हैं और हमें सभी के लिए काम भी करना है।

राज्य में शराब बंदी की चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा है कि सरकार ने इस पेशा से पूर्व में जुडे गरीबों को एक लाख रुपये देने का निर्णय लिया है ताकि वे अपने जीविका के लिए अन्य कार्य कर सकें। हमें अपनी बातों को अखबार‚ मीडिया एवं सोशल मीडिया के माध्यम से जनता तक पहुंचाना है।

उप मुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव ने कहा कि महागठबंधन विधायक दल की यह बैठक काफी महत्वपूर्ण है। केंद्र सरकार जिस तरह से बिहार के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है एवं लगातार मांग के बावजूद विशेष राज्य का दर्जा नहीं दे रही है ऐसी स्थिति में राज्यहित में नीतीश कुमार जी ने जो फैसला लिया है वह सही है। हमें अपने नेतृत्व पर‚अपने नेता पर तथा सरकार पर भरोसा रखना है। अभी तो हमें मौका मिला है और हमें लोकतंत्र‚ संविधान‚ अमन–चैन एवं धर्मनिपेक्षता को बचाने का काम करना है। हमारे कंधों पर भी बडी जिम्मेवारी है। हमारे साथ अनुभवी नेतृत्व है‚ चट्टानी एकता है एवं हमें सदन में नेता के साथ मिलकर काम करना है।

एसएनबी
पटना


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment