लोकपर्व का अंतिम चरण : 59 सीटों के लिए मतदान रविवार को

Last Updated 19 May 2019 05:27:21 AM IST

लोकसभा चुनाव अपने अंतिम चरण में रविवार को 59 सीटों पर मतदान के साथ संपन्न हो जाएगा। वाराणसी सीट पर भी 19 मई को ही मतदान होगा, जहां से खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक बार फिर उम्मीदवार हैं। मतगणना 23 मई को होगी।


लोकपर्व का अंतिम चरण का मतदान

सातवें चरण में पंजाब में 13, उत्तर प्रदेश में 13, पश्चिम बंगाल में नौ, बिहार और मध्य प्रदेश में आठ-आठ, हिमाचल प्रदेश में चार, झारखंड में तीन और चंडीगढ़ की एकमात्र सीट पर मतदान होगा। इस चरण में 10.01 करोड़ से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकेंगे और वे 918 उम्मीदवारों की चुनावी किस्मत का फैसला करेंगे। निर्वाचन आयोग ने मतदान सुगम तरीके से संपन्न कराने के लिए 1.12 लाख मतदान केंद्र बनाए हैं। रविवार को ही पणजी विधानसभा सीट के लिए उपचुनाव होगा, जो पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर के निधन के बाद रिक्त हो गई थी। इसके साथ ही तमिलनाडु की चार विधानसभा सीटों-सुलूर, अरवाकुरुचि, ओत्तापिदरम (सुरक्षित) और तिरुपरंकुंद्रम पर भी रविवार को उपचुनाव होगा।

उत्तर प्रदेश में सभी की निगाहें वाराणसी सीट पर हैं, जहां मोदी के मुख्य प्रतिद्वंद्वियों में कांग्रेस के अजय राय, सपा-बसपा महागठबंधन की उम्मीदवार शालिनी यादव शामिल हैं। इस सीट पर कुल 26 उम्मीदवार मैदान में हैं। केंद्रीय मंत्री मनोज सिन्हा और उत्तर प्रदेश भाजपा के मुखिया महेंद्र नाथ पांडेय क्रमश: गाजीपुर और चंदौली से फिर से जीत की उम्मीद कर रहे हैं। इस चरण में भाजपा उत्तर प्रदेश में 11 लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ रही है। वहीं, इसका सहयोगी दल अपना दल (सोनेलाल) दो सीटों-मिर्जापुर और रॉर्बट्सगंज से चुनाव लड़ रहा है। मिर्जापुर से फिलहाल केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल सांसद हैं।

पंजाब में शिअद प्रमुख सुखबीर सिंह बादल और केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल तथा हरदीप सिंह पुरी सहित 278 उम्मीदवारों की चुनावी किस्मत का फैसला भी रविवार को होगा। छह लाख मतदाताओं वाली चंडीगढ़ लोकसभा सीट से मौजूदा सांसद एवं भाजपा उम्मीदवार किरण खेर के खिलाफ पूर्व रेल मंत्री एवं कांग्रेस उम्मीदवार पवन कुमार बंसल चुनाव मैदान में हैं। अभिनेता से नेता बने सनी देओल, पंजाब कांग्रेस के मुखिया सुनील जाखड़ और आप की पंजाब इकाई के प्रमुख भगवंत मान अन्य चर्चित उम्मीदवार हैं।

भाषा
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment