‘भगवाधारी मोदी’ की निगाहें ‘काशी’ पर, निशाना ‘241’ पर
बाबा विश्वनाथ की नगरी काशी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बृहस्पतिवार को भगवा वस्त्र धारण करके देश की बाकी बची लोकसभा की 241 सीटों के मतदाताओं को एक संदेश दिया।
![]() प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी |
2014 में इन सीटों में से भाजपा ने 161 सीटें जीती थीं। 161 सीटों के अलावा बची बाकी की सीटों में से ज्यादा से ज्यादा भाजपा अपनी झोली में डालना चाहेगी, क्योंकि यही सीटें केन्द्र में बनने वाली सरकार का भविष्य तय करेंगी।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी वाराणसी से दूसरी बार लोकसभा चुनाव लड़ने के लिए यहां पहुंचे हैं। शुक्रवार सुबह वह अपना नामांकन दाखिल करेंगे। पर्चा दाखिल करने की आखिरी तारीख 29 अप्रैल है, लेकिन पीएम मोदी ने 26 अप्रैल को ही नामांकन दाखिल करने का फैसला किया, ताकि 29 अप्रैल को 71 सीटों के लिए होने वाले मतदान के लिए एक संदेश जाए। दरअसल, चौथे, पांचवें, छठे और सातवें चरण में अब 241 सीटों के लिए मतदान होना है। और ये सारी सीटें अब उत्तर की तरफ हैं।
दक्षिणी राज्यों में मतदान पूरा हो चुका है, जहां भाजपा कमजोर थी। अब महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, हिमाचल, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, बिहार व असम के लिए मतदान होना है। इस पूरे क्षेत्र में भाजपा का प्रभाव है। यदि इस क्षेत्र में भाजपा की सीटें कम हुई तो केन्द्र की सत्ता में लौटना मुश्किल होगा इसलिए प्रधानमंत्री ने वाराणसी में शक्ति प्रदर्शन कर 241 सीटों के मतदाताओं को आज संदेश दिया।
आज उन्होंने अपने रोड शो और गंगा आरती के दौरान भगवा वस्त्र पहने और पहली मई को अयोध्या भी जाएंगे। अपने प्रधानमंत्रित्वकाल में वे पहली बार अयोध्या जा रहे हैं। इन दोनों घटनाओं का मकसद सीधे तौर पर हिंदू वोट को एकजुट करना है। इससे पहले भोपाल से साध्वी प्रज्ञा ठाकुर को टिकट देकर भाजपा ने अपनी स्थिति मजबूत करने का प्रयास किया है।
| Tweet![]() |