लोकपर्व का दूसरा चरण : 66 फीसद ने किया मतदान
लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में बृहस्पतिवार को 12 राज्यों की 95 सीटों पर तकरीबन 66 प्रतिशत मतदान हुआ।
![]() मथुरा में एक पोलिंग बूथ पर कतार में खड़ीं मुस्लिम महिलाएं। |
इनमें सबसे अधिक मतदान मणिपुर में 77.89 प्रतिशत और सबसे कम जम्मू कश्मीर में 45.64 प्रतिशत रहा। उत्तर प्रदेश की आठ सीटों पर मतदान 62.06 प्रतिशत दर्ज किया गया। चुनाव आयोग के अनुसार, 70 प्रतिशत मतदान का आंकड़ा पार करने वाले राज्यों में पुड्डुचेरी (77.49 प्रतिशत) पूर्वोत्तर के राज्य मणिपुर (77.89 प्रतिशत) और असम (76.22 प्रतिशत) भी शामिल रहे। इनके अलावा बिहार की चार सीटों पर 62.00 प्रतिशत मतदान हुआ। वहीं, तमिलनाडु की सभी 39 सीटों पर 68.96 प्रतिशत मतदान हुआ। इसी तरह, छत्तीसगढ़ की तीन सीटों पर 72.45 प्रतिशत और कर्नाटक की 14 सीटों पर 67.79 प्रतिशत मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया। वहीं, महाराष्ट्र की दस सीटों पर 61.32 प्रतिशत मतदान हुआ। ओडिश में 57.97 प्रतिशत मतदान हुआ।
कई बूथों पर ईवीएम में गड़बड़ी की शिकायतें
मतदान के दौरान कई स्थानों पर इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों में गड़बड़ी के कारण मतदान बाधित होने की खबरें मिलीं। बुलंदशहर में कई स्थानों पर जबकि अलीगढ़ और नगीना में भी कुछ जगहों पर ऐसी शिकायतें सामने आई, हालांकि चुनाव आयोग ने इनकी पुष्टि नहीं की। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रदेश में कई जगह ईवीएम में खराबी आने पर चिंता जाहिर की।
मतदान के दौरान हिंसा, ईवीएम में खराबी
- बिहार के बांका में कुछ मतदाताओं ने दोबारा वोटिंग की कोशिश की। उन्हें रोकने की कोशिश में सुरक्षाकर्मिंयो को हवाई फायरिंग और लाठीचार्ज करना पड़ा। इसमें छह ग्रामीण घायल हो गए।
- पश्चिम बंगाल के उत्तरी दिनाजपुर स्थित चोपड़ा में तृणमूल कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच झड़प में एक ईवीएम तोड़ दी गई।
- महाराष्ट्र के उस्मानाबाद में मतदान के दौरान वोटिंग प्रक्रिया को फेसबुक पर लाइव करने के आरोप में चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
- प.बंगाल के इस्लामपुर में माकपा नेता मोहम्मद सलीम की गाड़ी पर हमला। माकपा ने तृणमूल कांग्रेस पर हमले का आरोप लगाया।
- अमरोहा के भाजपा उम्मीदवार कंवर सिंह तंवर ने फर्जी वोटिंग का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि बुर्के में आ रही महिलाओं की जांच नहीं की जा रही।
- भाजपा महासचिव और रायगंज (प.बंगाल) से उम्मीदवार देबश्री चौधुरी ने तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं पर बूथ कैप्चरिंग का आरोप लगाया।
- मथुरा के गोवर्धन ब्लॉक के 46 नंबर बूथ पर ईवीएम खराब होने के चलते वोटिंग शुरू नहीं हो पाई।
- बीड़ के कलेक्टर आस्तिक कुमार पांडे ने बताया- 5 जगहों पर ईवीएम और वीवीपैट में खराबी की शिकायत मिली थी। इन्हें बदल दिया गया है।
| Tweet![]() |