मुझे हटाने के लिए कितने भी गिर सकते हैं विपक्षी : मोदी
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कांग्रेस और वाम मोर्चे पर निशाना साधते हुए रविवार कहा कि विपक्षी दल उन्हें सत्ता से हटाने के लिए एड़ी चोटी का जोर लगाए हुए हैं।
![]() उदयपुर (त्रिपुरा) : एक चुनावी रैली के दौरान त्रिपुरा के मुख्यमंत्री बिप्लवदेव और अन्य नेताओं के साथ हाथ हिलाकर समर्थकों का अभिवादन स्वीकार करते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी। |
इसके लिए वे पाकिस्तान के गीत भी गा रहे हैं जबकि राजग सरकार पड़ोसी देश की धरती पर आतंकवादियों को सबक सिखा रही है। विपक्षी पार्टियां उन्हें हटाने के लिए किसी भी हद तक गिर सकती हैं।
त्रिपुरा के लोगों ने पेश की मिसाल : त्रिपुरा के उदयपुर में रैली को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि त्रिपुरा के लोगों ने 25 साल बाद वाम मोर्चे को बेदखल कर पूरे देश के लिए एक मिसाल कायम की है। उन्होंने कहा, ‘ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस त्रिपुरा में दाखिल होने की पूरी कोशिश कर रही है, लेकिन लोगों ने उसे ऐसा नहीं करने दिया। उन्होंने वाम मोर्चे का अत्याचार सहन किया और भाजपा के उदय का संयम से इंतजार कर रहे हैं। मैं भाजपा में विास के लिये त्रिपुरा के लोगों का शुक्रगुजार हूं।’ प्रधानमंत्री ने कहा, ‘कांग्रेस और वाम दल मोदी को हटाने के लिए साथ काम कर रहे हैं।
कांग्रेस के घोषणापत्र का उड़ाया मजाक : कांग्रेस के घोषणापत्र का मजाक उड़ाते हुए मोदी ने कहा, ‘सबसे पुरानी पार्टी 50-60 पन्नों का पाखंडी दस्तावेज लाई है। उसने उसमें एक बार भी मध्यम-वर्ग का जिक्र नहीं किया। कांग्रेस शासन में मध्यम वर्ग लंबे समय तक पीड़ित रहा। कांग्रेस समेत कुछ दल कहते हैं कि मध्यम वर्ग पर ज्यादा कर लगाने चाहिएं।’ वाम दलों पर हमला करते हुए उन्होंने कहा कि वह समझते थे कि उनकी पार्टी का संविधान देश के संविधान से बड़ा है। वे सिर्फ अपनी हालत सुधारने को उतावले हैं।
बिचौलियों-साहूकारों का लगा झटका : उन्होंने दावा किया, ‘हमारी सरकार ने किसानों से सीधे कृषि उत्पाद खरीदने की शुरुआत की जिससे बिचौलियों और साहूकारों को झटका लगा।’ मोदी ने कहा कि सौभाग्य योजना के तहत राजग सरकार ने राज्य के लगभग सभी घरों में बिजली कनेक्शन सुनिश्चित किए। उन्होंने कहा, ‘जैसा की विधानसभा चुनावों से पहले वादा किया गया था, हमने रेल की बड़ी लाइनें बिछाने का काम शुरू किया, पुल बनाए, अगरतला को देश के अन्य हिस्सों से जोड़ने के लिए ट्रेन सेवाएं शुरू कीं। महाराजा बीर बिक्रम एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय रूप देने के लिए भी काम चल रहा है।’ त्रिपुरा में दो लोकसभा सीटों पर 11 और 18 अप्रैल को मतदान होगा।
भारत से ज्यादा पाकिस्तान का गुणगान कर रही कांग्रेस : प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस अपने घोषणापत्र के जरिए भारत से ज्यादा पाकिस्तान का गुणगान कर रही है। इम्फाल में रैली को संबोधित करते हुए मोदी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने दावा किया था कि कोई भी संविधान के अनुच्छेद 370 के साथ छेड़छाड़ नहीं कर सकता, यह एक ऐसी धारणा है जिससे पाकिस्तान भी सहमति रखता है। उन्होंने कहा, ‘कांग्रेस दुनियाभर में पाकिस्तान के प्रोपेगेंडा के प्रसार में मदद कर रही है। कांग्रेस उन लोगों के साथ खड़ी है जो जम्मू-कश्मीर के लिए अलग प्रधानमंत्री चाहते हैं। मणिपुर की दो लोकसभा सीटों के लिए 11 और 18 अप्रैल को मतदान होना है।
| Tweet![]() |