Jagannath Rath Yatra: राष्ट्रपति मुर्मू और PM मोदी ने देशवासियों को दी ‘रथयात्रा’ की शुभकामनाएं

Last Updated 27 Jun 2025 10:27:48 AM IST

Jagannath Rath Yatra: ओडिशा के पुरी में भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा की शुरुआत हो रही है। भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा में उनके भाई बलभद्र, और बहन सुभद्रा भी शामिल होती हैं। यह भव्य यात्रा पुरी के जगन्नाथ मंदिर से शुरू होकर गुंडिचा मंदिर तक जाती है।


इस खास उत्सव पर देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवाशियों को भगवान जगन्नाथ के पारम्परिक रथयात्रा के अवसर पर बधाई और शुभकामनायें दी है।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शुक्रवार को भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा के अवसर पर लोगों को शुभकामनाएं दीं और पूरे विश्व में शांति, मैत्री व स्नेह के माहौल के लिए कामना की।

मुर्मू ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “रथ यात्रा के अवसर पर, मैं भारत और विदेश में रहने वाले महाप्रभु जगन्नाथ के भक्तों को हार्दिक शुभकामनाएं देती हूं।” उन्होंने कहा कि लाखों श्रद्धालु भगवान बलभद्र, भगवान जगन्नाथ, देवी सुभद्रा और चक्रराज सुदर्शन को रथ पर विराजमान देखकर दिव्य अनुभूति प्राप्त करते हैं।

मुर्मू ने कहा, “इस पावन अवसर पर मेरी महाप्रभु श्री जगन्नाथ से प्रार्थना है कि पूरे विश्व में शांति, मैत्री और स्नेह का वातावरण बना रहे।”

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भगवान जगन्नाथ की वार्षिक रथ यात्रा शुरू होने पर बधाई दी है। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो शेयर किया है। इस वीडियो को शेयर करने के साथ ही पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा, 'भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा के पवित्र अवसर पर सभी देशवासियों को मेरी ढेरों शुभकामनाएं। श्रद्धा और भक्ति का यह पावन उत्सव हर किसी के जीवन में सुख, समृद्धि, सौभाग्य और उत्तम स्वास्थ्य लेकर आए, यही कामना है। जय जगन्नाथ!'

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा "आस्था और विश्वास का संगम है, जो भक्ति व संस्कृति पर आधारित है।” शाह ने कहा, "जय श्री जगन्नाथ...श्री जगन्नाथ की रथ यात्रा के पावन अवसर पर सभी को हार्दिक शुभकामनाएं। श्री जगन्नाथ की रथ यात्रा आस्था और विश्वास का संगम है, जो भक्ति, संस्कृति पर आधारित है। यह संस्कृति और परंपरा को साथ-साथ सहेज कर आगे बढ़ने में हमारा मार्गदर्शन करती है।"

उन्होंने सभी के कल्याण की कामना की और भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और मां सुभद्रा से सभी की प्रगति व कल्याण के लिए प्रार्थना की।


ओडिशा के राज्यपाल हरि बाबू कंभमपति, मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी और राज्य विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष नवीन पटनायक और अन्य नेताओं ने भी इस अवसर पर लोगों को शुभकामनाएं दीं।

 

वार्षिक यात्रा के दौरान, भगवान बलभद्र, देवी सुभद्रा और भगवान जगन्नाथ के रथों को श्री जगन्नाथ मंदिर से पुरी के श्री गुंडिचा मंदिर तक खींचकर ले जाया जाता है।

भव्य उत्सव का हिस्सा बनने के लिए लाखों श्रद्धालु पुरी में इकट्ठा होते हैं। इस अवसर पर देश के दूसरे हिस्सों में भी इसी तरह की रथ यात्राएं निकाली जाती हैं।


 

भाषा
नई दिल्ली/पुरी


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment