Amarnath Yatra 2023: जम्मू से कड़ी सुरक्षा के बीच अमरनाथ यात्रियों का पहला जत्था रवाना, बम-बम भोले की गूंज

Last Updated 30 Jun 2023 09:32:37 AM IST

जम्मू से बाबा बर्फानी की पवित्र गुफा की ओर अमरनाथ यात्रियों का पहला जत्था रवाना हो गया है।


शुक्रवार तड़के करीब सवा चार बजे जम्मू से बाबा बर्फानी की पवित्र गुफा की ओर अमरनाथ यात्रियों का पहला जत्था रवाना हो गया।  केन्द्रशासित प्रदेश के उपराज्यपाल व अमरनाथ श्राइन बोर्ड के अध्यक्ष मनोज सिन्हा ने पहले जत्थे को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस दौरान हर कोई पूरी तरह भोलेनाथ के रंग में रंगा नजर आया। हर-हर महादेव, जय बाबा बफार्नी के जयकारों के पूरा माहौल गूंज उठा। भक्तों ने भोले के जयकारे लगाकर अपनी पव‍ित्र यात्रा की शुरुआत की।

पहले जत्थे के शुक्रवार देर शाम तक कश्मीर में यात्रा के आधार शिविर बालटाल (गांदरबल) और पहलगाम के नुनवन (अनंतनाग) पहुंचने की उम्मीद है। बालटाल रूट से जाने वाला जत्था शनिवार को ही हिमलिंग के दर्शन करके लौट आएगा।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं। सेना, पुलिस और सीआरपीएफ के जवान जगह जगह मुस्तैदी से तैनात हैं।

बाबा अमरनाथ की तीर्थयात्रा 1 जुलाई से शुरू हो रही है जो 62 दिनों तक चलेगी यानि की यह यात्रा 30 अगस्त को संपन्न होगी।

बता दें कि यहां भगवान शिव शिवलिंग के रूप में विराजमान है, मान्यताओं के अनुसार जो भक्त शिव इस रूप के दर्शन कर लेता है उसे मोक्ष की प्राप्ति होती है।

तीर्थयात्रियों ने गुरुवार को ही यात्रा के लिए आधार शिविर पर पहुंचना शुरू कर दिया था। इस बीच जिले के कुछ क्षेत्रों में स्थापित विभिन्न केंद्रों पर तीर्थयात्रियों के लिए तत्काल पंजीकरण भी शुरू हो गया है। यात्रा के लिए अब तक तीन लाख से अधिक तीर्थयात्रियों ने अपना ऑनलाइन पंजीकरण कराया है। 

तीर्थयात्री दो मार्गों से यात्रा करेंगे जिनमें दक्षिण कश्मीर के पहलगाम में पारंपरिक 48 किलोमीटर लंबा नुनवान मार्ग, और मध्य कश्मीर के गांदरबल में 14 किलोमीटर का छोटा बालटाल मार्ग शामिल है।

अधिकारियों ने बताया कि अब तक यात्रा के लिए करीब 3.5 लाख श्रद्धालु पंजीकरण करा चुके हैं और यह संख्या बढ़ने की संभावना है।

जम्मू के उपायुक्त अवनी लवासा ने बताया कि जम्मू में 33 आवास केंद्र स्थापित किए गए हैं, जबकि पंजीकरण केंद्रों पर ‘रेडियो फ्रीक्वेंसी आइडेंटिफिकेशन’ (आरएफआईडी) टैग जारी किए जाएंगे।

तीर्थयात्रियों के तत्काल पंजीकरण के लिए वैष्णवी धाम, महाजन सभा, पंचायत घर में पांच ‘काउंटर’ और संतों के पंजीकरण के लिए गीता भवन तथा राम मंदिर में दो ‘काउंटर‘ स्थापित किए गए हैं।

अधिकारी ने बताया कि आरएफआईडी टैग लेना अनिवार्य है।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता देवेंद्र सिंह राणा ने पत्रकारों से कहा, ‘‘ उपराज्यपाल के हरी झंडी दिखाने के बाद जम्मू से आज अमरनाथ यात्रा शुरू हुई। पहला जत्था अमरनाथ के लिए रवाना हुआ।’’

उन्होंने बताया कि यात्रा के सुचारू संचालन के लिए प्रशासन ने सर्वश्रेष्ठ सुविधाओं के इंतजाम किए हैं।

तीर्थ यात्री सुशील कुमार ने न्यूज एजेंसी से कहा, ‘‘ हम नागपुर से आए हैं और पहली बार अमरनाथ जा रहे हैं। हम 19 लोग साथ आए हैं। हमने गुफा मंदिर में बर्फ के लिंगम के दर्शन करने वाले पहले लोगों में से एक बनने का फैसला किया है।’’

इस बार कई बदलाव हुए, यात्रियों को रखना होगा ध्यान
-हेलमेट पहनकर करनी होगी श्रद्धालुओं को अमरनाथ यात्रा
-ट्रैक पर बेहतर रोशनी और जगमगाया गया है
-नि:शुल्क उपलब्‍ध रहेगा हेलमेट
-पूरी तरह से रोशन ट्रैक
-आपातकालीन हेलीपैड
-मार्ग पर एसएएसबी द्वारा स्थापित आरओ से पानी की आपूर्ति
-34 पर्वतीय बचाव दल की व्‍यवस्‍था
-प्रारंभिक चेतावनी के लिए स्वचालित मौसम स्टेशन

 

समय लाइव डेस्क/भाषा
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment