Wrestlers Protest: बृजभूषण शरण सिंह ने कहा- सुप्रीम कोर्ट पर पूरा भरोसा, कुछ उद्योगपतियों और कांग्रेस ने की साजिश

Last Updated 29 Apr 2023 11:04:28 AM IST

महिला पहलवानों के गंभीर आरोपों के बाद भारतीय कुश्‍ती संघ के अध्‍यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ दिल्‍ली पुलिस ने यौन उत्‍पीड़न से जुड़े दो FIR दर्ज कर लिए हैं।


भारतीय कुश्‍ती संघ के अध्‍यक्ष बृजभूषण शरण सिंह

दिल्‍ली पुलिस के यौन उत्‍पीड़न से जुड़े दो FIR दर्ज करने के बाद शनिवार को बृजभूषण शरण सिंह ने गोंडा में प्रेस कॉन्‍फ्रेंस किया है। बृजभूषण शरण सिंह ने मीडिया के सामने खुद को निर्दोष बताया। उन्होंने इस पहलवानों के विरोध प्रदर्शन को कुछ उद्योगपतियों और कांग्रेस की साजिश करार दिया है।

उन्‍होंने कहा-जांच में फेडरेशन की कोई भूमिका नहीं है। इन लोगों की मांग लगातार बदलती है। जनवरी में इस्तीफा देने की इनकी मांग थी। मैंने तब भी कहा था कि मैंने अगर अपने पद से इस्तीफा दे दिया तो इसका मतलब ये है कि मैंने इनके आरोपों को स्वीकार कर लिया है...इस्तीफा देना बड़ी बात नहीं है मगर अपराधी बनकर नहीं।

उन्होंने कहा कि जांच समीति की रिपोर्ट इनके पास लगातार पहुंच रही थी। इनको जब लगा कि जांच समीति में कोई आरोप सिद्ध नहीं हो रहा है तो इन्होंने समीति के रिपोर्ट को सार्वजनिक होने का इंतजार नहीं किया और एक नए मामले के साथ सुप्रीम कोर्ट चले गए।

बृजभूषण शरण सिंह ने पहलवानों पर आरोप लगाते हुए कहा, मैं कहना चाहता हूं कि एक ही परिवार और एक ही अखाड़ा क्यों? हरियाणा के अन्य खिलाड़ी क्यों नहीं? हिमाचल, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश आदि राज्यों के खिलाड़ी क्यों नहीं? 12 साल से लगातार इनके साथ यौन उत्पीड़न हो रहा है, वो यौन उत्पीड़न देश के अन्य खिलाड़ियों के साथ क्यों नहीं होता है?

WFI प्रमुख ने आगे बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि मैं शुरू से ही कह रहा हूं कि इसमें देश के कुछ उद्योगपतियों, जिनको मुझसे कष्ट है और कांग्रेस का हाथ है। आज दिख गया कि इसमें किसका हाथ है।

बृजभूषण शरण सिंह ने न्यायपालिका पर भरोसा जताया है और जांच में पूरा सहयोग देने की बात कही है।

दिल्ली पुलिस ने केस की छानबीन शुरु कर दी है। हालांकि किन किन धाराओं में केस दर्ज किया गया है इसका खुलासा अभी नहीं हुआ है। एफआईआर की कॉपी अभी दिल्ली पुलिस ने सांझा नहीं की है।

समय लाइव डेस्क
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment