धूमधाम से देश भर में मनाई गई होली

Last Updated 09 Mar 2023 07:57:10 AM IST

पूरे देश में बुधवार को रंगों का त्योहार धूमधाम से मनाया गया और लोगों ने इस मौके पर जहां एक-दूसरे को रंग व गुलाल लगाया और मिठाइयां बांटी वहीं युवाओं ने होली गीतों पर नृत्य किया।


धूमधाम से देश भर में मनाई गई होली

कोविड महामारी के कारण तीन साल बाद लोगों ने पारंपरिक उत्साह और उल्लास के साथ होली का त्योहार मनाया। देश के ज्यादातर हिस्सों में होली बुधवार को मनाई गई हालांकि कुछ क्षेत्रों में होली मंगलवार को ही मनाई गई थी।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उप-राष्ट्रपति जगदीप धनखड़, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कई अन्य नेताओं ने इस मौके पर लोगों को होली की बधाई दी। प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट किया, ‘‘होली की बहुत-बहुत शुभकामनाएं। आप सभी के जीवन में हमेशा आनंद और उमंग का रंग बरसे।’’

अमेरिकी वाणिज्य मंत्री जीना रायमोंडो रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के आधिकारिक आवास पर होली समारोह में शामिल हुईं। रायमोंडो इस समय भारत के दौरे पर हैं।

विदेश मंत्री एस. जयशंकर और वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल भी रक्षा मंत्री के आवास पर होली समारोह में शामिल हुए।

श्रीनगर स्थित केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) बटालियन मुख्यालय होली के मौके पर जीवंत हो उठा और जवानों ने हिंदी फिल्मों के गानों पर नृत्य किया और एक-दूसरे को रंग लगाया।

बटालियन के कमांडिंग ऑफिसर विजय खटाना ने पीटीआई-भाषा से कहा, ”जवान कड़ी मेहनत करते हैं और वे पूरा आनंद भी उठाते हैं।”

धार्मिक नगरी मथुरा में होली एक अनोखे अंदाज में मनाई गई। मथुरा के बलदेव क्षेत्र में दाऊजी मंदिर में ‘भाभियों’ और ‘देवरों’ के बीच अनोखी होली के जश्न के लिये 20 क्विंटल टेसू फूल और 50 क्विंटल गुलाल का बंदोबस्त किया गया।

इस उत्सव में भाभियों और देवरों के बीच खेली जाने वाली इस अनूठी होली को स्थानीय बोली में ‘हुरंगा’ कहा जाता है। यह होली बृहस्पतिवार को खेली जाएगी। इस होली के दौरान महिलाएं पुरुषों को गीले सूती कपड़े से मारती हैं।

मंदिर के पुजारी गोविंद पांडेय ने बुधवार को ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ”यह अनोखी होली बृहस्पतिवार को दाऊजी मंदिर में खेली जाएगी। भगवान कृष्ण रेवती (कृष्ण के भाई बलदेव की पत्नी) के साथ यह होली खेलते थे।”

उन्होंने कहा, ‘पुरुष महिलाओं को टेसू के रंग से सराबोर करते हैं, जबकि महिलाएं अपने नए कपड़ों को खराब होने से बचाने की कोशिश करती हैं। त्योहार की भावना में महिलाएं भी पुरुषों के कपड़े फाड़ती हैं और उन्हें चाबुक की तरह इस्तेमाल करती हैं।’

पांडेय ने बताया कि एक व्यक्ति भगवान कृष्ण के रूप में और दूसरा उनके बड़े भाई के रूप में मंदिर में एक ऊंचे मंच पर बैठता है और उत्सव में लोक गीत ‘आज बिरज में होली रे रसिया’ गूंजता है।

उत्तर प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी होली पारंपरिक तरीके से और उत्साह के साथ मनाई गई। हालांकि एक दुखद घटना में, उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले में होली खेलने के बाद गोमती नदी में नहाने के दौरान तीन युवकों की डूबने से मौत हो गयी जबकि एक अन्य लापता है।

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शिमला में अपने कैबिनेट मंत्रियों, कांग्रेस नेताओं और गणमान्य लोगों के साथ होली मनाई और उम्मीद जताई कि यह त्योहार देश की एकता एवं अखंडता को और मजबूत करेगा।

पंजाब, हरियाणा और इनकी संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में भी होली का त्योहार पारंपरिक उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। लोगों ने दोस्तों और रिश्तेदारों से मुलाकात की और एक-दूसरे के चेहरे पर ‘गुलाल’ लगाने के अलावा ‘गुजिया’ (पारंपरिक मिठाई) भेंट की।

बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर ‘होली है’ चिल्लाते हुए, नृत्य करते हुए और एक-दूसरे पर पिचकारी से पानी डालते हुए नजर आए। बच्चे घरों की छतों से सड़कों पर आने-जाने वाले लोगों पर पानी के गुब्बारे फेंकते दिखे।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के अनुसार, भारत में कोरोना वायरस के 326 नए मामले सामने आए। पिछले साल 18 मार्च यानी होली के दिन 2,500 से अधिक मामले सामने आए थे।

भाषा
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment