President Election: दिल्ली पहुंचीं NDA की राष्ट्रपति प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू, पीएम मोदी और गृह मंत्री शाह से की मुलाकात
राजग की राष्ट्रपति प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू गुरुवार को ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर से दिल्ली पहुंच गईं। यहां पहुंचते ही उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की।
![]() द्रौपदी मुर्मू से मिले मोदी |
मुर्मू को गुलदस्ता भेंट करने की तस्वीर शेयर करते हुए पीएम ने ट्वीट किया, 'उनके राष्ट्रपति पद की उम्मीदवारी को समाज के सभी वर्गों द्वारा पूरे भारत में सराहा गया है। जमीनी समस्याओं को लेकर उनकी समझ और भारत के विकास का उनका विजन बेजोड़ है।'
Met Smt. Droupadi Murmu Ji. Her Presidential nomination has been appreciated across India by all sections of society. Her understanding of grassroots problems and vision for India’s development is outstanding. pic.twitter.com/4WB2LO6pu9
— Narendra Modi (@narendramodi) June 23, 2022
मुलाकात के बाद प्रधानमंत्री ने जमीनी समस्याओं के बारे में उनकी समझ और भारत के विकास के लिए उनके विजन को असाधारण बताते हुए उनकी तारीफ की। प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात करने के बाद द्रौपदी मुर्मू ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से भी मुलाकात की।
दिल्ली: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज एनडीए की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की। pic.twitter.com/syEEEsUVmq
— ANI_HindiNews (@AHindinews) June 23, 2022
प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात करने से पहले गुरुवार को ही राजधानी दिल्ली पहुंची द्रौपदी मुर्मू का दिल्ली एयरपोर्ट पर केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, अर्जुन राम मेघवाल, वीरेंद्र कुमार, भाजपा सांसद मनोज तिवारी और भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया सह प्रभारी संजय मयूख ने स्वागत किया। एयरपोर्ट पर भाजपा के कई अन्य नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी फूल देकर उनका स्वागत किया।
सूत्रों ने बताया कि संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी के आवास पर उनके नामांकन पत्र तैयार किए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, वरिष्ठ मंत्री राजनाथ सिंह, अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा उनके प्रस्तावकों में शामिल होंगे।
केंद्रीय मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता जोशी के आवास पर प्रस्तावक और समर्थक के तौर पर दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कर रहे हैं। बीजू जनता दल (बीजद) के सस्मित पात्रा भी दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करने वालों में शामिल हैं। बीजद ने मुर्मू के नामांकन का समर्थन किया है।
मुर्मू (64) के पार्टी के शीर्ष नेताओं की मौजूदगी में नामांकन पत्र दाखिल करने की उम्मीद है।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता, पार्टी के सांसद मनोज तिवारी और दिल्ली विधानसभा में विपक्ष के नेता रमेश बिधूड़ी सहित दिल्ली भाजपा के कई नेताओं ने हवाई अड्डे पर मुर्मू का स्वागत किया। वह यहां ओडिशा भवन में ठहरी हैं। उनके प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने की भी संभावना है।
राष्ट्रीय राजधानी के लिए रवाना होने से पहले ओडिशा में एक संक्षिप्त बयान में मुर्मू ने कहा था, ‘‘ मैं सभी का धन्यवाद करती हूं और सभी से राष्ट्रपति चुनाव के लिए सहयोग मांगती
हूं। मैं 18 जुलाई से पहले सभी मतदाताओं (सांसदों) से मिलूंगी और उनका समर्थन मांगूंगी।’’
अगर वह चुनाव जीत जाती हैं, तो वह भारत की पहली आदिवासी राष्ट्रपति और इस पद पर काबिज होने वाली दूसरी महिला होंगी।
आपको बता दें कि, राष्ट्रपति चुनाव के लिए एनडीए उम्मीदवार के तौर पर द्रौपदी मुर्मू शुक्रवार को अपना नामांकन करेंगी। उनके नामांकन के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, गृह मंत्री अमित शाह, राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी और भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री भी मौजूद रहेंगे। नामांकन कार्यक्रम को भव्य बनाने और अपने उम्मीदवार के पक्ष में भारी समर्थन दिखाने के लिए भाजपा ने नामांकन के लिए एनडीए के सहयोगी दलों के साथ ही समर्थन का ऐलान कर चुके बीजू जनता दल को भी आमंत्रित किया है।
विपक्षी दलों ने यशवंत सिन्हा को अपना उम्मीदवार घोषित किया है। देश के अगले राष्ट्रपति के लिए 18 जुलाई को चुनाव होना है।
| Tweet![]() |