भारी बारिश और भूस्खलन के कारण जम्मू-कश्मीर राष्ट्रीय राजमार्ग लगातार दूसरे दिन भी बंद
रामबन जिले में भारी बारिश और भूस्खलन के कारण जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग बुधवार को लगातार दूसरे दिन भी बंद रहा और बड़ी संख्या में वाहन बीच रास्ते में फंसे रहे। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
![]() जम्मू-कश्मीर राष्ट्रीय राजमार्ग लगातार दूसरे दिन भी बंद |
उन्होंने कहा कि जम्मू क्षेत्र के पुंछ और राजौरी जिलों को दक्षिण कश्मीर के शोपियां जिले से जोड़ने वाली मुगल रोड पर भी भूस्खलन के कारण यातायात बाधित रहा।
एक यातायात अधिकारी ने बताया, ”रामबन जिले में कई स्थानों पर पत्थर गिरने और भूस्खलन के कारण जम्मू-श्रीनगर राजमार्ग को बंद किया गया है।”
उन्होंने कहा कि पंथियाल में मंगलवार को पथराव होने के कारण, रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण इस राजमार्ग को यातायात के लिए बंद कर दिया गया था।
अधिकारियों ने कहा कि राजमार्ग को साफ करने का काम जारी है।
उन्होंने कहा कि राजमार्ग पर बैटरी चश्मा में स्थिति अधिक खराब है, क्योंकि वहां कीचड़ और मलबा बहुत ज्यादा है। उसकी सफाई होने के बाद ही, वहां फंसे भारी वाहनों को निकाला जा सकेगा।
खबरों के मुताबिक, राजमार्ग के किनारे विभिन्न स्थानों पर तकरीबन एक हज़ार से अधिक वाहन फंसे हुए हैं।
उन्होंने बताया कि पोशाना में भूस्खलन के कारण मुगल मार्ग बंद है, चीनी नाला पर एसएसजी मार्ग भी भूस्खलन की वजह से यातायात के लिए बाधित है और उन्हें साफ करने के प्रयास जारी हैं।
उन्होंने कहा कि भारी बारिश के कारण सफाई अभियान में बाधा आ रही है।
पिछले 24 घंटों के दौरान लगातार बारिश के बाद जम्मू-कश्मीर में नदियों और नालों में वृद्धि के बाद अधिकारियों ने बुधवार को कश्मीर में बाढ़ की चेतावनी दी। मौसम विभाग ने दोपहर बाद से मौसम में सुधार की संभावना जताई है।
मौसम विभाग के एक अधिकारी ने कहा, "आज दोपहर से मौसम में काफी सुधार होगा और जम्मू-कश्मीर में अगले 7 दिनों के दौरान भारी बारिश की संभावना नहीं है।"
अनंतनाग जिले के संगम में जल स्तर 18 फीट के स्तर को पार करने पर बाढ़ और सिंचाई विभाग ने झेलम नदी में बाढ़ की चेतावनी दी है।
श्रीनगर शहर और घाटी के अन्य हिस्सों में निचले इलाकों में जलभराव का सामना करना पड़ रहा है क्योंकि बाढ़ और भूस्खलन से ऊंचाई वाले इलाकों को खतरा है।
न्यूनतम तापमान श्रीनगर में 11, पहलगाम में 6.6 और गुलमर्ग में 3.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
लद्दाख के द्रास कस्बे में न्यूनतम तापमान 5.6, लेह में 9.6 और कारगिल में 11.4 रहा।
जम्मू में 18.7, कटरा में 17, बटोटे में 11, बनिहाल में 11.6 और भद्रवाह में 11.8 न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।
| Tweet![]() |