राहुल गांधी से ED की पूछताछ पर सरकार पर भड़के सीएम गहलोत, कहा- पुलिस हमारे नेताओं को चुनचुनकर निशाना बना रही
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने देश के मौजूदा हालात को चिंताजनक करार देते हुए बुधवार को भारतीय जनता पार्टी एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर तीखा प्रहार किया है।
![]() |
गहलोत ने देश के मौजूदा हालात को चिंताजनक करार देते हुए बुधवार को भारतीय जनता पार्टी एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर तीखा प्रहार किया और पूछा कि ‘‘वे हिंदू धर्म के नाम पर लोगों को कब तक भड़काते रहेंगे और क्या वे हिंदू राष्ट्र बनाकर देश को एक रख पाएंगे?’’
गहलोत ने ‘नेशनल हेराल्ड’ समाचार पत्र से जुड़े कथित धनशोधन के मामले में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी से प्रवर्तन निदेशालय की पूछताछ और सेना में अल्पकालिक भर्ती की ‘अग्निपथ’ योजना का हवाला देते हुए कहा कि देश ने ऐसी परिस्थिति पहले कभी नहीं देखी थी।
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि पुलिस हमारे नेताओं को चुनचुनकर निशाना बना रही है, अगर राजस्थान में हम ये करें तो सही लगेगा? उन्होंने आगे कहा, "आज जो देश के हालात हैं वो चिंताजनक हैं, राहुल गांधी से 5 दिन में 50 घंटे पूछताछ की गई, आज तक ऐसा कभी नहीं हुआ। उन्होंने जैसे ईडी का सामना किया वो शानदार है, लंच तक का समय नहीं दे रहे हैं, रात 1 बजे तक रोक रहे हैं। कांग्रेस मुक्त भारत की बात करते हैं ये, आज तो छोड़िए 7 पीढ़ी भी इनकी कांग्रेस मुक्त भारत नहीं बना पाएगी।"
उन्होंने कहा, "पुलिस का रवैया गलत था, आज तक ऐसा नहीं हुआ है। पुलिस टारगेट करके नेताओं पर बलप्रयोग किया जा रहा है। इन्होंने उद्योगपतियों पर इतना दबाव बना दिया कि कांग्रेस को कोई चंदा देने को तैयार नहीं है। जब कांग्रेस कह रही है भारत जोड़ो, तब सरकार लगी है सोनिया राहुल को तोड़ो। इसके खिलाफ हमारे विधायक और सांसद मौजूद हैं, वो संघर्ष कर रहे हैं।"
देश में पहली बार निशाना बना कर कांग्रेस नेताओं के साथ दुर्व्यवहार किया गया है। कई जगहों पर पिटाई भी की गई। पहली बार पुलिस का आतंक देखने को मिला है। पुलिस का रिहर्सल है कि जब तानाशाही आएगी तब किस प्रकार काम होगा: दिल्ली में राजस्थान CM अशोक गहलोत pic.twitter.com/vRXmw8j8P5
— ANI_HindiNews (@AHindinews) June 22, 2022
"देश में धर्म के नाम पर बवाल करा रहे हैं, पाकिस्तान के हालात देखिए सिर्फ धर्म के नाम पर ही क्या हो गया है। पुलिस हमारे नेताओं को चुनचुनकर निशाना बना रही है, अगर राजस्थान में हम ये करें तो सही लगेगा? हिंदू राष्ट्र के नाम पर ये देश में बवाल कर रहे हैं, ये धर्म के नाम पर लोगों को भड़का रहे हैं।"
गहलोत ने कहा, ‘‘मैं आरएसएस और भाजपा के लोगों से पूछना चाहता हूं कि आप कब तक हिंदू धर्म के नाम पर लोगों को भड़काते रहोगे? हमारा पड़ोसी देश पाकिस्तान धर्म के नाम पर बना, क्या कारण है कि उसके दो टुकड़े हुए? पाकिस्तान से अलग बांग्लादेश क्यों बना जबकि दोनों जगह एक ही धर्म के लोग थे? धर्म के नाम पर देश बन सकता है, लेकिन इसकी कोई गारंटी नहीं है कि वह कायम रहेगा’’।
उन्होंने यह भी कहा, ‘‘क्या हिंदू राष्ट्र बनाकर देश को आप एक रख पाएंगे? ये अभी अनुसूचित जाति और आदिवासी लोगों को गुमराह कर रहे हैं। मैं आरएसएस के लोगों को बचपन से देख रहा हूं। इन लोगों ने कभी अनुसूचित जाति के लोगों को गले नहीं लगाया। ये गांधी को नहीं मानते थे, अब उनकी तस्वीर लगा रहे हैं। आरएसएस पर सरदार पटेल ने प्रतिबंध लगाया तो इन लोगों ने माफी मांगी कि वे राजनीति में नहीं आएंगे। अब ये लोग पटेल की प्रतिमा लगा रहे हैं।’’
राजस्थान के मुख्यमंत्री ने सेना में भर्ती की ‘अग्निपथ’ योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि युवा भर्ती की तैयारी कर रहे थे, लेकिन अचानक से नयी योजना लाई गई, जिससे युवा आंदोलित हो गए।
उन्होंने कहा कि युवाओं को अहिंसक आंदोलन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि कई सैन्य अधिकारी कह रहे हैं कि यह योजना खतरनाक है।
इसके अलावा जब मुख्यमंत्री से सोनिया गांधी से ईडी की पूछताछ के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, सोनिया गांधी जी हॉस्पिटल से अभी आईं है, मुझे लगता है कि अभी ईडी में उन्हें नहीं जाना चाहिए।"
उन्होंने आगे कहा, "सोनिया गांधी फिलहाल सहयोग करेंगी लेकिन अभी पूछताछ के लिए ईडी नहीं जाएंगी।"
कांग्रेस दफ्तर में कांग्रेस ने सभी विधायकों और सासदों को बुलाया हुआ है, इन सभी की एक बैठक होगी और आगे की रणनीति तैयार की जाएगी। हालंकी बताया जा रहा है कि सभी विधायकों और सासदों से राष्ट्रपति चुनाव को लेकर भी उम्मीदवार पर भी हस्ताक्षर कराया जाएगा। जानकारी के अनुसार, कांग्रेस किसी तरह का कोई मार्च नहीं निकालेगी।
| Tweet![]() |