लता मंगेशकर के निधन पर राष्ट्पति, मोदी ने जताया शोक, 2 दिन का राष्ट्रीय शोक, राजकीय सम्मान के साथ होगा अंतिम संस्कार

Last Updated 06 Feb 2022 01:13:18 PM IST

देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से सम्मानित लता मंगेशकर के निधन पर भारत सरकार ने देश में 2 दिनों का राष्ट्रीय शोक घोषित किया है।


लता मंगेशकर (फाइल फोटो)

शोक के दौरान 2 दिनों तक देश का राष्ट्रीय ध्वज उनके सम्मान में आधा झुका रहेगा । राष्ट्रीय शोक के दौरान किसी सरकारी या औपचारिक कार्यक्रम का आयोजन नहीं किया जाता है। लता मंगेशकर का अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। इस दौरान उनके पार्थिव शरीर को तिरंगे से लिपटाया जाएगा और सशस्त्र सेना के जवान अंतिम संस्कार में उन्हें सलामी देंगे।

लता मंगेशकर का अंतिम संस्कार आज शाम पूरे राजकीय सम्मान के साथ मुंबई के शिवाजी पार्क में होगा।

रविवार सुबह स्वर कोकिला लता मंगेशकर का निधन मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में हो गया। वे पिछले एक महीने से इस अस्पताल में भर्ती थी।

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद , प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला, अमित शाह, नितिन गडकरी, राजनाथ सिंह , जेपी नड्डा समेत केंद्र सरकार के मंत्रियों, भाजपा के दिग्गज नेताओं और राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने उनके निधन को अपूरणीय क्षति बताते हुए गहरा शोक व्यक्त किया है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत की कोकिला लता मंगेशकर के निधन पर शोक व्यक्त किया।

ट्वीट में प्रधानमंत्री ने कहा, "मेरे लिए ये सम्मान की बात है कि मुझे हमेशा लता दीदी से अपार स्नेह मिला। उनके साथ हुई बातें मेरे लिए यादगार रहेंगी। मैं लता दीदी के जाने पर भारतीयों के दुख में शामिल हूं। मैंने उनके परिवार वालों से बात की और संवेदना व्यक्त की। ओम शांति।"


केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री, नितिन गडकरी अस्पताल में सबसे पहले उनके परिवार से मिलें। उन्होंने कहा, " उनका निधन राष्ट्र के लिए एक अपूरणीय क्षति है। लेकिन अच्छे संगीत के सभी प्रेमियों के लिए वह हमेशा प्रेरणा स्रोत बनी रहेंगी। गडकरी ने दिवंगत गायक को 'देश का गौरव' बताया।"

गृह मंत्री अमित शाह ने उनके निधन को अपनी व्यक्तिगत क्षति बताते हुए ट्वीट कर कहा, " सुर व संगीत की पूरक लता दीदी ने अपनी सुर साधना व मंत्रमुग्ध कर देने वाली वाणी से न सिर्फ भारत बल्कि पूरे विश्व में हर पीढ़ी के जीवन को भारतीय संगीत की मिठास से सराबोर किया। संगीत जगत में उनके योगदान को शब्दों में पिरोना संभव नहीं है। उनका निधन मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति है।"

अमित शाह ने उनके निधन पर गहरा दुख और संवेदनाएं जाहिर करते हुए कहा, " मैं खुद को सौभाग्यशाली समझता हूं कि समय-समय पर मुझे लता दीदी का स्नेह और आशीर्वाद प्राप्त होता रहा। अपने अतुलनीय देशप्रेम, मधुर वाणी और सौम्यता से वो सदैव हमारे बीच रहेंगी। उनके परिजनों व असंख्य प्रशंसकों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। शांति शांति ।"

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लता मंगेशकर के निधन को कला और संस्कृति जगत की बहुत बड़ी क्षति बताते हुए ट्वीट कर कहा, "'स्वर कोकिला' लता मंगेशकर जी के निधन से भारत की आवाज खो गई है। लताजी ने आजीवन स्वर और सुर की साधना की। उनके गाये हुए गीतों को भारत की कई पीढ़ियों को सुना और गुनगुनाया है। उनका निधन देश की कला और संस्कृति जगत की बहुत बड़ी क्षति है।उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति मेरी संवेदनाएं।"

 

 


भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने उनके निधन पर गहरा शोक जाहिर करते हुए ट्वीट कर कहा, "हर संगीत प्रेमी के हृदय में निवास करने वाली स्वरकोकिला, भारत रत्न लता मंगेशकर जी का निधन हृदय विदारक है।यह संपूर्ण कला जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने चरणों मे स्थान दें। लता दीदी के परिजनों और विश्वभर में फैले करोड़ों प्रशंसकों के प्रति संवेदनाएं।"

स्वर कोकिला लता मंगेशकर का रविवार को निधन हो गया। लता मंगेशकर ने मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में आखिरी सांस ली। 92 वर्षीय लता मंगेशकर पिछले दिनों कोरोना संक्रमित हो गई थी, जिसके बाद उन्हें मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।



 

 

 

आईएएनएस
मुंबई


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment