पूरा उत्तर भारत शीतलहर व धुंध की चपेट में

Last Updated 18 Jan 2021 02:29:10 AM IST

दिल्ली, एनसीआर समेत उत्तर भारत के राज्यों राजस्थान, हरियाणा व पंजाब में ठंड और धुंध ने कहर बरपाना शुरू कर दिया है।


नई दिल्ली : सर्दी के सितम के बीच विजय चौक की पहरेदारी में मुस्तैद जवान।

दिल्ली में रविवार को न्यूनतम तापमान 5.7 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। हालांकि अच्छी बात यह है कि भारत मौसम विभाग (आईएमडी) के मुताबिक अगले दो दिन में हवाओं की दिशा बदलने की वजह से तापमान में वृद्धि हो सकती है। उत्तर प्रदेश में सर्दी के साथ कोहरे की स्थिति बनी हुई है।

राज्य में 19 और 20 जनवरी को भी कोहरे की भविष्यवाणी की गई है। दिल्ली में पूर्वी दिशा से आने वाली हवाएं बह रही है, जो बर्फ से ढके पश्चिमी हिमालय से आने वाली ठंडी उत्तर पश्चिमी हवाओं के मुकाबले अधिक सर्द नहीं होती हैं। इसलिए दो दिनों में न्यूनतम तापमान में कुछ वृद्धि होने की उम्मीद है।

उधर, राजस्थान के अनेक हिस्सों में रात के न्यूनतम तापमान में गिरावट आई है। शनिवार रात राज्य का पिलानी 1.4 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ सबसे सर्द रहा। इसी तरह, चुरू में 1.9, गंगानगर में 2.5, जैसलमेर में 6.1 , बीकानेर में 6.3 और अलवर में पारा 7.4 डिग्री दर्ज किया। बहुत से इलाकों में आज सुबह घना कोहरा छाया रहा।

ठंड से पंजाब और हरियाणा के कई इलाकों में भी लोगों का बुरा हाल है।सुबह शाम लोग अलाव तापते नजर आते है।

मौसम विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, हरियाणा के नारनौल में कड़ाके की ठंड पड़ रही है, जहां पर न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस कम 2.5 डिग्री दर्ज किया गया। इसी तरह हिसार में 3.4 डिग्री पारा दर्ज किया गया। जबकि पंजाब के ब¨ठडा में न्यूनतम तापमान सामान्य से कम 3.4 डिग्री दर्ज किया गया।

भाषा
नई दिल्ली/जयपुर/चंडीगढ़


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment