Coronavirus: जापान के क्रूज पर फंसे 119 भारतीय, 5 विदेशियों को लेकर लौटा एअर इंडिया का विमान

Last Updated 27 Feb 2020 09:49:27 AM IST

जापान में डायमंड प्रिंसेस क्रूज जहाज पर फंसे 119 भारतीय और पांच विदेशी नागरिकों को लेकर एयर इंडिया का एक विमान गुरुवार सुबह यहां उतरा। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने यह जानकारी दी।


‘एअर इंडिया’ का विशेष विमान जिन पांच विदेशी नागरिकों को लेकर वापस लौटा है, उनमें दो श्रीलंकाई और नेपाल, दक्षिण अफ्रीका और पेरू के एक-एक नागरिक हैं।  इन सभी को मानेसर में भारतीय सेना द्वारा बनाए गए चिकित्सा केन्द्र में 14 दिन तक पृथक रखा जाएगा।

जयशंकर ने ट्वीट किया, "एयर इंडिया का विमान कोरोनावायरस के कारण जापान के डायमंड प्रिंसेस पर फंसे 119 भारतीयों और श्रीलंका, नेपाल, दक्षिण अफ्रीका और पेरू के पांच विदेशी नागरिकों को लेकर टोक्यो से चला विमान दिल्ली में लैंड हुआ है। जापानी प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराई गईं सुविधाओं के लिए आभार। एयर इंडिया को एक बार फिर धन्यवाद।"



सरकार की ओर से जारी बयान के अनुसार विमान के चालक दल के तीन सदस्य विशेष विमान में सवार नहीं हुए। जापान सरकार ने पृथक करने की अवधि बढा दी है और इस अवधि में वे क्रूज पर ही रहेंगे। यह फैसला उन्होंने अपनी मर्जी से लिया है।      

जापान के क्रूज़ पर सवार 138 भारतीयों में से चालक दल के 16 भारतीय सदस्य के कोरोना वायरस से पीड़ित होने की पुष्टि हुई है। उनका जापान के तट पर बने चिकित्सा केन्द्रों में इलाज चल रहा है।     

‘डायमंड प्रिंसेस’ क्रूज़ को तीन फरवरी को तोक्यो के पास योकोहामा बंदरगाह पर पृथक खड़ा कर दिया था। इसमें कुल 3,711 लोग सवार थे।     

दरअसल जापान ने यह कदम क्रूज से उतरे एक व्यक्ति के बाद में वायरस से पीड़ित पाए जाने के बाद उठाया था। यह शख्स पिछले महीने हांगकांग गया था।
 

भाषा
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment