कर्नाटक उपचुनाव : भाजपा को 12, कांग्रेस को 2 सीटें और जद (एस) खाली हाथ

Last Updated 09 Dec 2019 07:00:33 PM IST

कर्नाटक में 15 विधानसभा क्षेत्रों के लिए हुए उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 12 सीटों पर जीत दर्ज की है, जबकि कांग्रेस को दो सीटें मिली हैं। लेकिन जनता दल (सेकुलर) अपना खाता भी नहीं खोल पाई।


कर्नाटक उपचुनाव

चुनाव अधिकारी जी. जेडियप्पा ने कहा, "15 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को 12, कांग्रेस को दो सीटें प्राप्त हुई हैं, वहीं जद(एस) अपना खाता भी नहीं खोल पाई है।"

हालांकि जद(एस) के समर्थन से बेंगलुरू ग्रामीण जिले के होसकोटे में एक निर्दलीय उम्मीदवार को जीत मिली है।

सत्तारूढ़ पार्टी ने अठानी, कगवाड़, गोकक, येल्लापुर, हिरेकुरू, विजयनगर, रानीबेन्नूर, चिकबल्लापुर, के.आर. पुरा, महालक्ष्मी लेआउट, यशवंतपुर और कृष्णराजपेट सीटों पर जीत दर्ज की है।

वहीं कांग्रेस को मैसुरू जिले के हुनसुरू और बेंगलुरू मध्य के शिवाजीनगर में जीत मिली है।

सत्तारूढ़ भाजपा को 223 सदस्यीय विधानसभा में बहुमत के लिए आवश्यक 112 सीटों के आंकड़े तक पहुंचने के लिए केवल सात सीटों की जरूरत थी, लेकिन उसने 12 सीटों पर जीत दर्ज कराई। और इसके साथ ही अब चार माह पुरानी भाजपा सरकार मई 2023 तक अपना कार्यकाल पूरा कर सकेगी।

इस उपचुनाव में भाजपा को 50.3 प्रतिशत, कांग्रेस को 31.3 प्रतिशत और जद(एस) को 12.1 प्रतिशत मत मिले।

कांग्रेस ने 15 में से दो सीटों पर, जबकि जद(एस) को सभी 12 सीटों पर हार का सामना करना पड़ा।



वहीं निर्दलीय शरत कुमार बछेगौड़ा ने प्रतिष्ठित होसाकोट सीट पर भाजपा के एम.टी.बी. नागराज को हरा दिया। नागराज ने चुनावी शपथपत्र में अपनी संपत्ति 1,230 करोड़ रुपये बताई थी।

आईएएनएस
बेंगलुरू


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment