इंदिरा गांधी की जयंती: पीएम मोदी, सोनिया गांधी ने दी श्रद्धांजलि
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, पूर्व उप राष्ट्रपति हामिद अंसारी तथा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने देश की पहली और एकमात्र महिला प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को उनकी 102वीं जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की।
![]() देश की पहली और एकमात्र महिला प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी (फाइल फोटो) |
मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को स्मरण करते हुए कहा, ‘‘हमारी पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी जी को उनकी जयंती पर नमन।’’
वहीं सोनिया गांधी, प्रणब मुखर्जी, मनमोहन सिंह के साथ कांग्रेस के अन्य नेताओं ने सुबह इंदिरा गांधी की समाधि ‘शक्ति स्थल’ जाकर उन्हें अपने श्रद्धा सुमन अर्पित किये। इस दौरान बड़ी संख्या में वहा मौजूद कांग्रेस कर्यकर्ताओं ने भी पूर्व प्रधानमंत्री को श्रद्धांजलि अर्पित की।
बाद में राहुल गांधी ने पूर्व प्रधानमंत्री को याद करते हुए ट्वीट किया, ‘‘सशक्त, समर्थ नेतृत्व और अद्भुत प्रबंधन क्षमता की धनी, भारत को एक सशक्त देश के रूप में, स्थापित करने में अहम भूमिका रखने वाली लौह-महिला और मेरी प्यारी दादी स्वर्गीय इंदिरा जी की जयंती पर शत् शत् नमन।’’
गौरतलब है कि देश की पहली महिला प्रधानमंत्री स्वर्गीय गांधी की मंगलवार को 102वीं वर्षगांठ है। इंदिरा गांधी का जन्म आज ही के दिन 1917 में उत्तर प्रदेश के इलाहाबाद (अब प्रयागराज) में भारत के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू और उनकी पत्नी व स्वतंत्रता सेनानी कमला नेहरू के घर हुआ था।
इंदिरा गांधी ने जनवरी 1966 से मार्च 1977 तक और फिर जनवरी 1980 से अक्टूबर 1984 में हत्या होने तक प्रधानमंत्री के रूप में देश की सेवा की थी।
उन्हें देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न और अंतरराष्ट्रीय सम्मान लेनिन नीस अवॉर्ड से भी सम्मानित किया जा चुका है।
| Tweet![]() |