BJP-शिवसेना में चुनाव से पहले मुख्यमंत्री पद साझा करने की सहमति बनी थी: राउत

Last Updated 06 Nov 2019 11:52:30 AM IST

शिवसेना नेता संजय राउत ने बुधवार को दावा किया कि महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा और उनकी पार्टी के बीच मुख्यमंत्री पद साझा करने को लेकर सहमति हुई थी।


शिवसेना नेता संजय राउत

राज्य में सरकार गठन को लेकर जारी खींचतान के बीच राउत ने यहां पत्रकारों से कहा कि सरकार गठन को लेकर भाजपा से न कोई नया प्रस्ताव मिला है और न उन्हें भेजा गया है।     

मुख्यमंत्री पद को लेकर सहमति कब होगी, इस सवाल पर राज्यसभा सदस्य ने कहा, ‘‘चुनाव से पहले ही पद को लेकर सहमति हो गई थी।’’     

राउत ने सरकार गठन को लेकर किसी भी नए प्रस्ताव की खबर को खारिज करते हुए कहा कि शिवसेना चुनाव से पहले तय हुई स्थिति पर ही सरकार गठन को राजी होगी।    

उन्होंने कहा, ‘‘नए प्रस्ताव पर समय क्यों बर्बाद करें। हम पहले तय हुई बातों पर चर्चा करना चाहते हैं। कोई नया प्रस्ताव न मिला है और न भेजा गया है।’’     

राज्य में राष्ट्रपति शासन लागू होने की खबरों पर राउत ने कहा, ‘‘हम इसके लिए जिम्मेदार नहीं होंगे। राष्ट्रपति शासन लागू करने की साजिश रचने वाले लोग जनादेश का अपमान कर रहे हैं।’’     

पिछले विधानसभा चुनाव के विपरीत भाजपा और शिवसेना ने यह चुनाव मिलकर लड़ा था। 288 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा ने इस बार 105 सीटें जीतीं जबकि शिवसेना 56 सीटों पर विजेता रही।     

मुख्यमंत्री पद को लेकर दोनों दलों के बीच खींचतान जारी है। शिवसेना इस पद के लिए 50:50 का फॉर्मूला चाहती है, लेकिन भाजपा इस पर तैयार नहीं है।     

राज्य में 24 अक्टूबर को चुनाव नतीजों की घोषणा की गई थी, जिसके 13 दिन बाद भी कोई पार्टी सरकार गठन के लिए आवश्यक 145 सीटें नहीं जुटा पाई है।
 

भाषा
मुम्बई


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment