पीयूष गोयल के घर चोरी की कोशिश करने पर घरेलू सहायक गिरफ्तार

Last Updated 03 Oct 2019 01:19:13 PM IST

रेल मंत्री पीयूष गोयल के यहां स्थित घर में कथित रूप से चोरी की कोशिश करने के मामले में उनके घरेलू सहायक को गिरफ्तार किया गया है।


रेल मंत्री पीयूष गोयल (फाइल फोटो)

 पुलिस ने गुरुवार को बताया कि इस मामले में विष्णु कुमार (25) को गिरफ्तार किया गया है जो दिल्ली का रहने वाला है।

घर में रखे एक कम्प्यूटर से कुछ सूचना अज्ञात लोगों के साथ कथित रूप से साझा करने को लेकर विष्णु के खिलाफ सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। 

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि उसे राष्ट्रीय राजधानी से मंगलवार को गिरफ्तार कर बुधवार को मुंबई लाया गया। कथित चोरी का यह मामला 19 सितंबर को प्रकाश में तब आया, जब गोयल की पत्नी यात्रा से मुंबई लौटीं और उन्होंने घर से चांदी के बर्तन और एंटीक समेत कुछ कीमती सामान नदारद पाया।   मंत्री के घर में काम करने वाला कुमार भी लापता था।     

 केंद्रीय मंत्री का फ्लैट दक्षिणी मुंबई में नेपियन सी रोड पर स्थित है। 

पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस बात का भी संदेह है कि कुमार ने गोयल के घर में रखे एक निजी कंप्यूटर से कुछ अहम जानकारी ईमेल के जरिये किसी और को भेजी।

पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धाराओं 381 (सहायक द्वारा की गई चोरी), 405 (आपराधिक विश्वासघात) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। अधिकारी के अनुसार आगे की जांच जारी है।

 

 

भाषा
मुंबई


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment