कैप्टन भी चाहते हैं, प्रियंका बनें कांग्रेस प्रधान
पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिन्दर सिंह ने कहा है कि यदि प्रियंका गांधी वाड्रा कांग्रेस की प्रधान चुनी जाती हैं, तो उनको सभी नेताओं तथा कार्यकर्ताओं का समर्थन प्राप्त होगा।
![]() कैप्टन भी चाहते हैं, प्रियंका बनें कांग्रेस प्रधान |
कैप्टन सिंह ने आज यहां पत्रकारों के साथ बातचीत में कहा कि वह कांग्रेस अध्यक्ष पद से हटने के राहुल गांधी के फैसले से खुश नहीं हैं। उन्होंने कहा कि भारत नौजवानों का देश है और नौजवान नेता ही इसका नेतृत्व करने के अनुकूल है। प्रियंका गांधी कांग्रेस पार्टी की बागडोर संभालने के लिए बेहतर एवं पसंदीदा उम्मीदवार होंगी, लेकिन इस बारे में फैसला कांग्रेस कार्य समिति पर निर्भर करता है जो इस मामले पर फैसला लेने के लिए अधिकृत है। एक दिन पहले कांग्रेस नेता शशि थरूर ने प्रियंका गांधी को पार्टी अध्यक्ष पद के लिए उपयुक्त बताते हुए उम्मीद जताई थी कि वह इसका चुनाव लड़ेंगी।
मुख्यमंत्री ने पहले भी कांग्रेस की बागडोर किसी नौजवान नेता को सौंपने की हिमायत की थी। कैप्टन सिंह ने स्पष्ट किया कि श्रीमती वाड्रा पार्टी अध्यक्ष पद के लिए पूरी तरह फिट हैं, क्योंकि हाल ही के लोकसभा चुनाव में हुई हार के बाद पार्टी को फिर से संगठित करने के लिए एक नौजवान गतिशील नेता की जरूरत है। उन्होंने कहा कि प्रियंका बुद्धिमान और देश की जरूरतों को समझने में समर्थ हैं। उनमें किसी भी चुनौती का सामना करने का हौसला है। उन्होंने भरोसा जताया कि वह जल्द ही पार्टी के नेताओं और वर्करों का समर्थन प्राप्त कर लेंगी।
| Tweet![]() |