Budget 2019: वित्त मंत्री ने गांव, गरीब, किसान को क्या-क्या दिया

Last Updated 05 Jul 2019 09:36:41 AM IST

‘गांव, गरीब और किसान’ और प्रत्येक नागरिक के जीवन को अधिक सरल बनाने के लक्ष्य के साथ पेश किए गये नरेन्द्र मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल के पहले आम बजट में अर्थव्यवस्था को गति देने पर जोर दिया गया।

  • 13:09 : उन्होंने कहा, पेट्रोल और डीजल पर लगेगा 1-1 रुपए का अतिरिक्त सेस।
  • 13:07 : 5 करोड़ रुपए सालाना से अधिक आय वाले लोगों को 7 फीसदी अतिरिक्त सरचार्ज देना होगा। 2 से 5 करोड़ रुपए सालाना कमाने वालों पर 3 पर्सेंट सरचार्ज लगेगा।
  • 13:07 : उन्होंने कहा, 5 लाख रुपए तक की सालाना आय वाले लोगों को कोई टैक्स देने की जरूरत नहीं।
  • 12:59 : वित्त मंत्री ने कहा, अब इनकम टैक्स रिटर्न भरने के लिए पैन कार्ड की जानकारी देना जरूरी नहीं, आधार कार्ड से भर सकते हैं।
  • 12:57 : वित्त मंत्री ने कहा, 45 लाख रुपए तक के मकान खरीद के लिए ब्याज पर आयकर छूट की सीमा दो लाख रुपए से बढ़ाकर 3.5 लाख रुपए करने का प्रस्ताव।
  • 12:51 : उन्होंने कहा, 250 करोड़ रुपए से ज्यादा टर्नओवर वाली कंपनियां 25 फीसदी टैक्स के दायरे में थीं, जिसे बढ़ाकर 400 करोड़ रुपए कर दिया गया है। अब 400 करोड़ रुपए तक टर्नओवर वाली कंपनियां 25 फीसदी टैक्स के दायरे में आएंगी।
  • 12:47 : उन्होंने कहा, इलेक्ट्रिक कार पर अब 4 फीसदी टैक्स लगेगा। खरीददारों को छूट का लाभ मिलेगा।
  • 12:44 : वित्त मंत्री ने कहा, सरकार ईमानदारी से टैक्स देने वालों का सम्मान करती है। सरकार देश के करदाताओं को धन्यवाद देती है। डायरेक्ट टैक्स राजस्व में 78 फीसद का इजाफा हुआ है। डायरेक्ट टैक्स वसूली बढ़कर 11.37 लाख करोड़ रुपए हुई है।
  • 12:42 : उन्होंने कहा, नेत्रहीनों के लिए सरकार 1 रुपए, 2 रुपए, 5 रुपए, 10 रुपए और 20 रुपए का नया सिक्का लाएगी।
  • 12:40 : उन्होंने कहा, सरकार ने 2019-20 में 1 लाख 5 हजार करोड़ रुपए विनिवेश से प्राप्त करने का लक्ष्य रखा है।
  • 12:38 : उन्होंने कहा, पिछले 4 साल में 4 लाख करोड़ रुपए की वसूली की गई है और आने वाले सालों में इसमें और अधिक तेजी आने की संभावना है।
  • 12:36 : वित्त मंत्री ने कहा, सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों को ऋण संबंधी जरूरतों के लिए 70,000 करोड़ रुपये और उपलब्ध कराए जाने का प्रस्ताव है। बैंकिंग सेक्टर में सरकार की तरफ से किए गए सुधारों का अच्छा नतीजा देखने को मिला है। बैंकों का एनपीए 1 लाख करोड़ रुपए कम हुआ
  • 12:32 : उन्होंने कहा, अब एनआरआई को भारत आने के बाद आधार कार्ड के लिए 180 दिनों का इंतजार नहीं करना होगा, उन्होंने तुरंत आधार कार्ड मिलेगा। उन देशों में भारतीय दूतावास स्थापित होंगे, जहां अब तक भारत का कोई राजनयिक मिशन नहीं था।
  • 12:25 : उन्होंने कहा, जनधन खातों के तहत जिन महिलाओं के खाते खुले हैं उन्हें 5000 रुपए तक के ओवरड्राफ्ट की सुविधा मिल सकेगी। ऐसी महिलाओं को मुद्रा लोन के तहत 1 लाख रुपए तक का लोन भी मिल सकेगा।
  • 12:24 : वित्त मंत्री ने कहा, हाल के चुनाव में भी महिला मतदाताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस बार सबसे ज्यादा 78 महिला सांसद चुनकर संसद में पहुंची हैं, जो अपने आप में एक रिकॉर्ड है। हर क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी है।
  • 12:23 : वित्त मंत्री ने कहा, महिलाओं के लिए नारी तू नारायणी का नारा। स्वामी विवेकानंद ने कहा था महिलाओं के विकास के बिना किसी भी देश का विकास नहीं हो सकता।
  • 12:22 : उन्होंने कहा, खेलों के विकास के लिए बोर्ड बनाया जाएगा। 1 करोड़ छात्रों के लिए स्किल योजना लाई जाएगी। रोजगार के मौके बनाने पर सरकार का फोकस होगा।
  • 12:21 : उन्होंने कहा कि बाहर के छात्र यहां आकर पढ़ सकें इसके लिए स्टडी इन इंडिया प्रोग्राम के तहत कार्य किए जाएंगे।
  • 12:20 : वित्त मंत्री ने कहा, भारत सरकार नई शिक्षा नीति लाने जा रही है जिसके तहत पूरी दुनिया में सर्वश्रेष्ठ शिक्षा नीति देश में होगी। केंद्र सरकार उच्च शिक्षा संस्थानों को 400 करोड़ रुपए की मदद करेगी।
  • 12:17 : 2 अक्टूबर को राजघाट पर राष्ट्रीय स्वच्छता केंद्र का उद्घाटन होगा।
  • 12:14 : सीतारमण ने कहा, स्वच्छ भारत मिशन सरकार का सफल कार्यक्रम रहा। 2 अक्टूबर 2019 तक पूरा देश खुले में शौच से मुक्त हो जाएगा। 2014 से 9.6 लाख शौचालयों का निर्माण किया जा चुका है और 5.6 लाख गांव खुले में शौच से मु्क्त हुए हैं।
  • 12:11 : उन्होंने कहा कि जल शक्ति मंत्रालय इसीलिए बनाया गया है ताकि देश में सूखे की समस्या को जल्द से जल्द समाप्त की जा सके।
  • 12:11 : वित्त मंत्री ने कहा, जल जीवन मिशन के तहत हर घर जल, हर घर नल पर काम हो रहा है। हमें रेन वॉटर हार्वेस्टिंग की व्यवस्था करनी होगी ताकि वर्षा के जल का संचयन करके इसे कृषि में प्रयोग किया जा सके।
  • 11:57 : उन्होंने कहा, अन्नदाता को ऊर्जादाता बनाने पर होगा काम। किसानों की आय 2022 तक दोगुनी करने की सरकार की योजना पर तेजी से काम हो रहा है। किसानों के उत्पाद से जुड़े कामों में प्राइवेट आंत्रप्रेन्योरपिश को बढ़ावा दिया जाएगा।
  • 11:54 : उन्होंने कहा, हर साल ग्लोबल इन्वेस्टर्स मीट का आयोजन होगा। दुनिया भर से लोगों को भारत में निवेश के लिए आमंत्रित किया जाएगा। बाहरी निवेशकों के लिए आसान केवाईसी नॉर्म्स बनाई जाएंगी। सरकार देश में कारोबार बढ़ाने के लिए कारोबारियों को आसानी से जमीन मुहैया करा
  • 11:53 : सीतारमण ने कहा, पिछले 1000 दिनों में एक दिन में 130 से 135 किलोमीटर सड़कों का निर्माण प्रतिदिन हो रहा है। प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तीसरे चरण के तहत 1.25 लाख किलोमीटर सड़क बनाने का लक्ष्य है।
  • 11:52 : उन्होंने कहा, पीएम आवास योजना के तहत 2022 तक देश के हर परिवार को घर मुहैया कराने का लक्ष्य है। पहले 314 दिनों में घर बनते थे और अब केवल 114 दिनों में घर बन रहे हैं।
  • 11:50 : वित्त मंत्री ने कहा कि गरीब और किसान हमारी हर योजना के केंद्र बिंदु हैं। उज्ज्वला योजना के तहत 7 करोड़ गैस कनेक्शन दिए गए। सरकार 2022 तक भारत के हर गांव की महिला को उज्ज्वला योजना के तहत गैस मुहैया कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
  • 11:48 : उन्होंने कहा- एविएशन सेक्टर, मीडिया, एनिमेशन सेक्टर में भी एफडीआई को लेकर विचार किया जाएगा।
  • 11:37 : उन्होंने कहा कि सरकार बीमा में 100 फीसदी विदेशी निवेश करने पर विचार कर रही है। सिंगल ब्रांड रिटेल में एफडीआई सीमा बढ़ाने पर भी विचार किया जा रहा है।
  • 11:37 : वित्त मंत्री ने कहा, भारत में ग्लोबल चिंताओं के बावजूद एफडीआई निवेश अच्छी संख्या में बढ़ा है। 2018 में ग्लोबल डर के बावजूद पिछले साल की तुलना में इसमें 6 फीसदी की ग्रोथ देखी गई है।
  • 11:36 : उन्होंने कहा, रेलवे इन्फ्रास्ट्रक्चर में सुधार के लिए 2018 से 2030 तक 50 लाख करोड़ रुपए के निवेश की आवश्यकता है। तेजी से रेलवे में सुधार और यात्रियों को सुविधाएं मुहैया कराने के लिए पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप के तहत काम होगा।
  • 11:29 : सीतारमण ने कहा, इलेक्ट्रिक वाहनों का इस्तेमाल बढ़ाने पर सरकार का जोर है। इलेक्ट्रिक वाहनों में विशेष छूट भी दी गई है। इलेक्ट्रिक बैट्री चार्ज के लिए सरकार इंफ्रास्ट्रक्चर बना रही है और इस ओर बड़े काम किए जा रहे हैं। इलेक्ट्रिक बैटरी चार्ज स्टेशन बनाए जा र
  • 11:28 : वित्त मंत्री ने कहा, सरकार ने 300 किलोमीटर नई मेट्रो लाइन को मंजूरी दी हैं। मेट्रो का विस्तार किया जा रहा है जिससे शहरों में लोगों को परिवहन में बेहद आसानी हो रही है।
  • 11:28 : उन्होंने कहा, उड़ान योजना से लोगों के लिए हवाई यात्रा और सुलभ हुई। सागरमाला से पोर्ट का विकास हुआ है और बंदरगाह आधुनिक बन रहे हैं। भारत माला योजना से नए रोड बन रहे हैं, जल मार्ग से व्यापार में सुगमता आ रही है और नए-नए रास्ते खुल रहे हैं।
  • 11:25 : वित्त मंत्री ने कहा, भारत 5 साल पहले दुनिया की छठी सबसे बड़ी इकॉनमी थी, लेकिन अब हम 5वें नंबर पर हैं।
  • 11:23 : उन्होंने कहा, पिछले 5 साल में गरीब महिलाओं की रसोई में सिलिंडर पहुंचाए गए और किसानों की चिंता गई।
  • 11:22 : वित्त मंत्री ने कहा, स्वस्थ समाज, नागरिकों को सुरक्षा, अंतरिक्ष कार्यक्रम, ब्लू इकॉनमी जैसे मसलों पर हमारा फोकस है।
  • 11:21 : सीतारमण ने कहा, डिजिटल इंडिया, हरित भारत, चिकित्सा उपकरणों पर जोर, मेक इन इंडिया पर हमारा लक्ष्य।
  • 11:20 : वित्त मंत्री ने कहा, सरकार ने जल, जल प्रबंधन की दिशा में बड़ा काम करने का लक्ष्य रखा है।
  • 11:20 : उन्होंने कहा, मोदी सरकार का जोर खाद्य सुरक्षा पर है और इस सरकार ने सिर्फ योजनाएं ही नहीं बनाईं बल्कि उन पर अमल भी किया।
  • 11:19 : सीतारमण ने शेर पढ़ा, यकीन हो तो कोई रास्ता निकलता है, हवा की ओट लेकर भी चिराग जलता है।
  • 11:14 : उन्होंने कहा, हम लालफीताशाही को और कम करेंगे। कारोबारी माहौल को और बेहतर बनाएंगे।
  • 11:14 : वित्त मंत्री ने कहा कि मोदी सरकार ने सुधार करना है, परफॉर्म करना है और ट्रांसफॉर्म करना है की नीति पर काम किया है। मोदी सरकार ने न्यू इंडिया की ओर जोर दिया है।
  • 11:08 : वित्त मंत्री ने कहा, देश की जनता ने बड़ा जनादेश दिया है। हमारी सरकार ने स्थिर भारत की कल्पना को साकार किया। हमने सशक्त देश के लिए सशक्त नागरिक के उद्देश्य से पहले कार्यकाल में काम किया।
  • 11:04 : लोकसभा की कार्यवाही शुरू। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बजट भाषण पढ़ना शुरू किया।
  • 10:57 : बजट 2019 को केंद्रीय कैबिनेट ने दी मंजूरी। बस थोड़ी देर में लोकसभा में बजट पेश करेंगी वित्त मंत्री।
  • 10:56 : बजट से पहले संसद भवन परिसर में चल रही है केंद्रीय कैबिनेट की बैठक।
  • 10:55 : वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण पहली बार पेश कर रही हैं बजट। उनके माता-पिता बजट सत्र देखने संसद पहुंचे।
  • 10:54 : संसद भवन लाई गईं बजट-2019 की कॉपियां। कुछ देर में बजट पेश करेंगी सीतारमण।
  • 10:21 : वित्त मंत्री निर्मला सीतारमन और वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर संसद पहुंचे।
  • 10:08 : निर्मला सीतारमण ने बजट पेश करने से पहले राष्ट्रपति भवन जाकर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से मुलाकात की।
  • 10:03 : बजट से पहले शेयर बाजार में उछाल। सेंसेक्स 119.15 अंक चढ़कर 40,027 पर पहुंचा।
  • 10:00 : सीतारमण परंपरा से अलग इस बार बजट की कॉपी लाल रंग के कपड़े में लेकर मीडिया के सामने आईं, जबकि हर बार यह बड़े ब्रीफकेस में होती थी। इस दौरान उनके साथ वित्त राज्यमंत्री अनुराग ठाकुर भी उनके साथ थे।
  • 9:57 : वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण वित्त मंत्रालय पहुंचीं। वह लोकसभा में 11 बजे बजट-2019 पेश करेंगी।

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने शुक्रवार को लोकसभा में अपना पहला बजट पेश किया। वित्त मंत्री ने वित्त वर्ष 2019-20 के अपने बजट भाषण में कहा कि हालिया चुनाव में एक आकर्षक और मजबूत भारत की उम्मीदें लहरा रही थीं और लोगों ने एक ऐसी सरकार को चुना जिसने काम कर के दिखाया।    

सरकार के प्रत्येक कार्य और योजना के केन्द्र में ‘गांव, गरीब और किसान’ होने का दावा करते हुए वित्त मंत्री कहा कि 2022 तक प्रत्येक ग्रामीण परिवार में बिजली का कनेक्शन और स्वच्छ ईंधन आधारित रसोई सुविधा होगी।     

उन्होंने कहा, ‘‘हम जो भी करते हैं, सरकार के प्रत्येक कार्य और प्रत्येक योजना के केन्द्र में गांव, गरीब और किसान होता है।’’     

उन्होंने कहा कि जो लोग कनेक्शन नहीं लेना चाहते, उन्हें छोड़कर 2022 तक प्रत्येक ग्रामीण परिवार में बिजली कनेक्शन और स्वच्छ ईंधन आधारित रसोई सुविधा होगी।     

सीतारमण ने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तीसरे चरण में 80,250 करोड़ रूपये की अनुमानित लागत से 1,25000 किलोमीटर सड़कें बनाई जाएंगी।     

वित्त मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत 2019-20 से 2021-22 तक पात्रता रखने वाले लाभार्थियों को 1.95 करोड़ मकान मुहैया कराये जाएंगे। इनमें रसोई गैस, बिजली और शौचालयों जैसी सुविधा होगी।

बता दें कि मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल का भी यह पहला आम बजट है।

आम चुनाव के मद्देनजर फरवरी में अंतरिम बजट पेश किया गया था। सरकार बनने के बाद वर्ष 2019-20 के लिए यह पूर्ण बजट पेश किया गया।

वित्त मंत्री का कामकाज संभालने के बाद से ही सीतारमण बजट की तैयारियों में लग गयीं थीं।

हर क्षेत्र के प्रतिनिधियों के साथ ही भारत की अर्थव्यवस्था को लेकर विभिन्न देशों के राजनयिकों और प्रसिद्ध अर्थशास्त्री और पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह से भी मुलाकात की थी।

सीतारमण परंपरा से अलग इस बार बजट की कॉपी लाल रंग के कपड़े में लेकर मीडिया के सामने आईं

 देखिए बजट-2019 से जुड़ा हर अपडेट...

समयलाइव डेस्क/भाषा/वार्ता
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment