चुनाव बाद हिंसा में मारे गए 10 में से 8 तृणमूल कार्यकर्ता : ममता

Last Updated 11 Jun 2019 07:49:41 PM IST

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मंगलवार को दावा किया कि राज्य में चुनाव बाद हिंसा में उनकी पार्टी तृणमूल कांग्रेस के आठ लोग मारे गए हैं। उन्होंने राज्यपाल केसरीनाथ त्रिपाठी पर मृतकों की संख्या गलत बताने का आरोप लगाया।


पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने दावा किया कि चुनाव बाद हिंसा में मारे गए 10 लोगों में से आठ उनकी पार्टी तृणमूल कांग्रेस से हैं, जबकि दो भाजपा से हैं।

ममता बनर्जी ने बंगाल के समाज सुधारक ईश्वर चंद्र विद्यासागर की आवक्ष-प्रतिमा के अनावरण के मौके पर कहा, "बीते रोज राज्यपाल ने कहा कि चुनाव बाद की हिंसा में बंगाल में 12 लोग मारे गए हैं। उन्होंने राष्ट्रीय मीडिया से बात करते हुए एक राजनीतिक बयान दिया। वास्तव में अब तक 10 लोग मारे गए हैं। उनमें से आठ हमारी पार्टी के हैं।"

ममता बनर्जी ने कहा, "हर मौत दुर्भाग्यपूर्ण है। मैं मुख्य सचिव से कहूंगी कि आपदा प्रबंधन फंड से 10 मृतकों के परिवारों को सहायता राशि दें।"

भाजपा ने राज्य की 42 लोकसभा सीटों में से 18 पर जीत हासिल की है। इसके बाद भी पश्चिम बंगाल में कई जगहों से हिंसा की खबरे आ रही हैं। भाजपा की तृणमूल से मात्र चार सीटें कम हैं। भाजपा का लक्ष्य अब दो साल बाद होने वाले विधानसभा चुनाव में जीत हासिल करना है।

ममता बनर्जी ने कहा कि सभी मामलों की जांच की जाएगी।



उन्होंने कहा, "सभी हत्याओं की जांच हो रही है। भाजपा के दो कार्यकर्ता मारे गए हैं, लेकिन यह देखने की जरूरत है कि क्या उन्हें अपने ही आदमियों ने मारा है, जो गोलियां फायर कर रहे थे।"

उधर, भाजपा नेता मुकुल रॉय ने सोमवार को दावा किया था कि चुनाव बाद हिंसा में भाजपा के सात कार्यकर्ता मारे गए हैं, जबकि तीन अन्य लापता हैं और उनके मारे जाने का अंदेशा है।

आईएएनएस
कोलकाता


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment