कांग्रेस की बैठक खत्म, राहुल गांधी के इस्तीफे की पेशकश को CWC ने किया नामंजूर

Last Updated 25 May 2019 11:39:00 AM IST

लोकसभा चुनाव में हार की समीक्षा के लिए हुई कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में राहुल गांधी ने अध्यक्ष पद छोड़ने की पेशकश की। सीडब्ल्यूसी ने राहुल की यह पेशकश नामंजूर कर दी।


राहुल गांधी के इस्तीफे की पेशकश को CWC ने किया नामंजूर

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने लोकसभा चुनाव में पार्टी की हार की जिम्मेदारी लेते हुए शनिवार को पार्टी की कार्य समिति (सीडब्ल्यूसी) की बैठक में पद से इस्तीफे की पेशकश की, लेकिन सदस्यों ने इसे ठुकरा दिया और प्रतिकूल परिस्थिति में उनसे नेतृत्व करते रहने का आग्रह किया।         

सीडब्ल्यूसी की बैठक में गांधी को पार्टी संगठन के पुनगर्ठन के लिए अधिकृत किया गया।         

पार्टी के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने यह जानकारी दी।  कांग्रेस की सर्वोच्च नीति निर्धारण इकाई कांग्रेस कार्य समिति (सीडब्ल्यूसी) की बैठक में लोकसभा चुनाव में पार्टी की करारी हार के कारणों पर मंथन किया गया।         

बता दें कि इससे पहले कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के पूरे मीडिया में इस्तीफे की खबर फैलने के कुछ ही मिनटों बाद पार्टी के प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने शनिवार को स्पष्ट किया कि इस मामले में कोई सच्चाई नहीं है और यह गलत खबर है।

 

     
कार्य समिति की बैठक सुबह 11 बजे शुरू हुई। बैठक में संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन की अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहनसिंह, पाटी महासचिव केसी वणुगोपाल, वरिष्ठ नेता एके एंटनी, प्रियंका गांधी वाड्रा, पार्टी कोषाध्यक्ष अहमद पटेल, कैप्टन अमरेंद्रसिंह, शीला दीक्षित सहित लगभग सभी सदस्य मौजूद थे।

गौरतलब है कि कांग्रेस को इस लोकसभा चुनाव में करारी हार का सामना करना पड़ा है। वह 52 सीटों पर सिमट गई है। 2014 के चुनाव में 44 सीटें जीतने वाली पार्टी को इस बार बेहतर की उम्मीद थी, लेकिन उसकी उम्मीदों पर पानी फिर गया।

दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में चल रही कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में सोनिया, राहुल, प्रिंयका, मनमोहन समेत कांग्रेस के तमाम बड़े नेता मौजूद हैं। ऐसे भी कयास लगाए जा रहें हैं कि राहुल गांधी कांग्रेस अध्यक्ष पद छोड़ सकते हैं।

 

कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक शुरू, सोनिया गांधी, राहुल गांधी, मनमोहन सिंह और अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद।

 

कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में शामिल होने के लिए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और पूर्वी यूपी के लिए कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा भी पहुंचीं।

 

सीडब्ल्यूसी के 23 सदस्यों में हाल ही में हुए चुनाव में सिर्फ चार लोग- पार्टी प्रमुख राहुल गांधी, संप्रग अध्यक्ष सोनिया गांधी, गौरव गोगोई और ए. चेल्ला कुमार ही जीते हैं।


लोकसभा चुनाव में हारने वाले 12 अन्य सदस्यों में वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खड़गे, उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित, पूर्व लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार, ज्योतिरादित्य सिंधिया, रघुवीर सिंह मीना, जितिन प्रसाद, दीपेंदर हुड्डा, सुष्मिता देव, के.एच. मुनियप्पा और अरुण यादव हैं।

सीडब्ल्यूसी के सात सदस्यों ने लोकसभा चुनावों में भाग नहीं लिया था।

पार्टी ने कांग्रेस शासित पांच राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों को भी आमंत्रित किया है।

लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को मात्र 52 सीटें मिलने के बाद से ही मंथन शुरू हो चुका है। यह संख्या पार्टी को पिछले लोकसभा में पार्टी को मिलीं 44 सीटों से मात्र आठ ज्यादा है।

कांग्रेस के उत्तर प्रदेश प्रभारी राज बब्बर, प्रचार समिति प्रमुख एच.के. पाटिल, ओडिशा पार्टी प्रमुख निरंजन पटनायक और अमेठी जिला अध्यक्ष योगेंद्र मिश्रा ने शुक्रवार को अपने पदों से इस्तीफा दे दिया है।
 

 

एजेंसियां
नयी दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment