कांग्रेस की राम्या हरिदास ने रचा इतिहास, केरल से लोकसभा पहुंचने वाली अकेली महिला
केरल वह राज्य है जहां लोकसभा चुनाव में कांग्रेस गठबंधन ने शानदार प्रदर्शन किया। राज्य की कुल 20 लोकसभा सीटों में 18 पर कांग्रेस की अगुवाई वाले यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (यूडीएफ) ने जीत दर्ज की।
![]() राम्या हरिदास (फाइल फोटो) |
राज्य की वायनाड सीट चर्चा में है, यहां से कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने 431,770 मतों के रिकॉर्ड अंतर से जीत हासिल की है। वायनाड के अलावा यहां की अलाथुर आरक्षित सीट और इस सीट पर जीत दर्ज करने वाली कांग्रेस प्रत्याशी राम्या हरिदास भी चर्चा में हैं।
राम्या हरिदास ने रोमांचक चुनावी मुकाबले में इस सीट से दो बार सांसद रह चुके मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के डॉ पीके बीजू को 1.5 लाख से अधिक वोटों से पराजित किया। राम्या को 5,33,815 वोट मिले और उन्होंने 1,58,968 वोटों से जीत हासिल की।
राम्या भार्गवी थंकप्पन के बाद केरल से दूसरी दलित महिला सांसद होंगी। भार्गवी 1971 में अदूर सीट से माकपा के टिकट पर जीती थीं।
राम्या केरल से इस बार लोकसभा पहुंचने वाली एकमात्र महिला उम्मीदवार भी हैं।
राम्या मजदूर की बेटी हैं। उन्होंने अपना प्रचार गाने गा कर किया था। इसके लिए उनके विरोधियों ने उनका खूब मजाक भी उड़ाया था।
| Tweet![]() |