प्रियंका ने संभाला कांग्रेस महासचिव का पदभार
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने पार्टी मुख्यालय में यकायक पहुंचकर कामकाज संभाल लिया।
![]() कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा |
उनके पहुंचने की सूचना मुख्यालय में नहीं थी, इसलिए उनके सत्कार का प्रबंध ही नहीं था। जब साढ़े चार बजे प्रियंका गांधी वाड्रा मुख्यालय पहुंचीं, तब प्रवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी प्रेस कांफ्रेंस कर रहे थे। उनके आने की खबर लगते ही अधिकतर पत्रकार प्रियंका के कमरे की तरफ निकल पड़े, इसलिए प्रेस कांफ्रेंस भी प्रभावित हुई।
प्रियंका अपने पति राबर्ट वाड्रा को ईडी (प्रवर्तन निदेशालय) के दफ्तर छोड़ने के बाद अपनी मां सोनिया गांधी के निवास 10 जनपथ से होते हुए मुख्यालय पहुंची थीं। उन्हें कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के बगल वाला कमरा दिया गया है। इसी कमरे में बैठकर उन्होंने यूपी के कुछेक नेताओं से चर्चा भी की। बताया जा रहा है कि प्रियंका गांधी अपनी नई पारी की शुरुआत लखनऊ में रोडशो से करेंगी। प्रियंका को पूर्वी यूपी का प्रभार दिया गया है। सुबह इसी कमरे में पश्चिम यूपी के प्रभारी महासचिव ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भी कामकाज संभाला।
प्रियंका-राहुल 11 को पहुंचेंगे प्रयाग
आस्था और विश्वास के कुम्भ में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और नवनियुक्त महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा 11 फरवरी को तीर्थराज प्रयाग आएंगे। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य किशोर वाष्ण्रेय ने बुधवार को यहां बताया कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा उसी दिन पतित पावनी गंगा, श्यामल यमुना और अन्त: सलिला स्वरूप में प्रवाहित सरस्वती में आस्था की डुबकी लगाने के बाद लोकसभा चुनाव का प्रचार शुरू करेंगे। वाष्ण्रेय ने बताया कि कांग्रेस अध्यक्ष और महासचिव 11 फरवरी को तीर्थराज प्रयाग पहुंचेंगे। वे यहां नेहरू-गांधी परिवार के पैतृक निवास स्वराज भवन में ठहरेंगे।
| Tweet![]() |