समूचा उत्तर भारत ठंड की चपेट में

Last Updated 09 Jan 2019 01:38:43 AM IST

कश्मीर घाटी में पिछले सप्ताह हुई भारी बर्फबारी के बाद राजधानी दिल्ली समेत संपूर्ण उत्तर भारत के अधिकांश हिस्सों में मंगलवार को चली ठंडी हवाओं ने ठिठुरन बढ़ा दी।


हिमाचल प्रदेश का चम्बा बर्फ से ढका हुआ।

कश्मीर घाटी में शीतलहर का प्रकोप जारी है। मौसम कार्यालय का कहना है कि अगले 48 घंटों तक मौसम की स्थिति ऐसी ही रहेगी। घाटी में सभी नदियां, झीलें और झरने आंशिक रूप से जमे हुए हैं क्योंकि बर्फ ढ़के पहाड़ों से लेकर मैदानी इलाकों में सर्द हवाएं चल रही हैं। श्रीनगर में मंगलवार का न्यूनतम तापमान शून्य से 2.0 डिग्री सेल्सियस नीचे, पहलगाम में शून्य से 4.9 डिग्री नीचे और गुलमर्ग में शून्य से 3.2 डिग्री नीचे दर्ज किया गया।

दिल्ली में सर्द सुबह,14 ट्रेनें लेट : दिल्ली में मंगलवार सुबह सर्द रही और कोहरा छाया रहा। यहां का न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सीजन का औसत तापमान है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने दिन में मध्यम कोहरे का अनुमान जताया है। दिल्ली की ओर जाने वाली 14 ट्रेनें कोहरे के कारण देरी से चल रही हैं। सुबह 8.30 बजे आद्रता का स्तर 100 फीसद दर्ज हुआ। अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

उत्तराखंड में शीतलहर : उत्तराखंड में मंगलवार को भी शीतलहर का प्रकोप जारी रहा। राज्य के कुछ इलाकों में बर्फबारी और बारिश हुई। अगले कुछ दिनों तक मौसम ऐसा ही बना रहेगा, जिसके चलते केदारनाथ मंदिर में चल रहे रिस्टोरेशन के काम को रोक दिया गया है। साल 2013 में यहां आई बाढ़ से यह तबाह हो गया था। इस क्षेत्र में चार फीट से अधिक बर्फबारी हुई और पारा शून्य से नीचे चला गया। तुंगनाथ, चोपता, दुगालबिट्टा, हरियाली डांडा और मध्यमेर में पिछले कुछ दिनों से भारी बर्फबारी हो रही है।

हिमाचल में बारिश : हिमाचल प्रदेश के अंदरूनी हिस्से अब भी पिछले सप्ताह हुई भारी बर्फबारी से उबरने की कोशिश कर रहे हैं कि इस बीच मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमान में इस सप्ताह राज्य में और अधिक बारिश और बर्फबारी होने की बात कही। कुछ क्षेत्रों में बुधवार तक बर्फबारी और बारिश होने के आसार हैं।

►बिहार में सर्द हवा : पटना तथा आसपास के क्षेत्रों में चल रही सर्द हवाओं के कारण ठंड बढ़ गई है। मंगलवार को हालांकि, मौसम साफ  है तथा सुबह से ही खिली धूप निकली है, जिससे ठंड से मामूली राहत मिली है। गया का मंगलवार को न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

एजेंसियां
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment