अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू सहित दुनियाभर के नेताओं ने जम्मू-कश्मीर में हुए आतंकवादी हमले की निंदा की और भारत के साथ एकजुटता व्यक्त की। इस हमले में 26 लोग मारे गए हैं।
 |
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ बातचीत में ट्रंप ने आतंकवादी हमले की कड़ी निंदा की तथा इस ‘‘जघन्य हमले’’ के दोषियों को न्याय के दायरे में लाने के लिए भारत को पूर्ण समर्थन व्यक्त किया।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘ उन्होंने (ट्रंप ने) जम्मू-कश्मीर में आतंकवादी हमले में निर्दोष लोगों की मौत पर गहरी संवेदना व्यक्त की।"
पोस्ट में कहा गया, ‘‘ भारत और अमेरिका आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में एकजुट हैं।’’
इससे पहले ट्रंप ने सोशल मीडिया मंच ‘ट्रुथ सोशल’ पर एक पोस्ट में कहा था, ‘‘कश्मीर से बहुत परेशान करने वाली खबर आई है। आतंकवाद के खिलाफ भारत के साथ अमेरिका मजबूती से खड़ा है।"
उन्होंने कहा, ‘‘ हम मारे गए लोगों की आत्मा की शांति और घायलों के स्वस्थ होने की प्रार्थना करते हैं। प्रधानमंत्री (नरेन्द्र) मोदी और भारत के लोगों के साथ हमारा पूरा समर्थन और गहरी सहानुभूति है। हमारी संवेदनाएं आपके साथ हैं!’’
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के बाद भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री मोदी को भेजे अपने संदेश में संवेदना व्यक्त की और कहा कि इस ‘‘क्रूर अपराध’’ का कोई औचित्य नहीं है तथा इसके दोषियों को उचित सजा मिलनी चाहिए।
पुतिन ने आतंकवाद के सभी स्वरूपों से लड़ने में भारतीय भागीदारों के साथ सहयोग बढ़ाने की रूस की प्रतिबद्धता दोहराई।
इजराइली प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने कहा कि वह ‘‘इस बर्बर आतंकवादी हमले से बहुत दुखी हैं जिसमें दर्जनों निर्दोष लोग मारे गए और घायल हुए हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘ हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं पीड़ितों और उनके परिवारों के साथ हैं। इजराइल आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारत के साथ है।’’
इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने कहा कि वह पहलगाम में आतंकवादी हमले से ‘‘बहुत दुखी’’ हैं और उन्होंने प्रभावित परिवारों, घायलों, सरकार और भारतीय लोगों के प्रति एकजुटता व्यक्त की।
यह हमला ऐसे वक्त हुआ है जब अमेरिकी उपराष्ट्रपति जे डी वेंस भारत की यात्रा पर हैं। वेंस ने इस जघन्य आतंकवादी हमले के पीड़ितों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की।
उन्होंने एक्स पर लिखा, ‘‘उषा और मैं भारत के पहलगाम में हुए जघन्य आतंकवादी हमले के पीड़ितों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हैं। पिछले कुछ दिनों में हम इस देश की खूबसूरती और इसके लोगों से अभिभूत हैं। हम इस भयावह हमले में लोगों के मारे जाने से शोकाकुल हैं और हमारी संवेदनाएं उनके साथ हैं।’’
इजराइल के विदेश मंत्री गिदोन सार ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि उनका देश जम्मू कश्मीर में पर्यटकों पर आतंकवादी हमले से ‘‘अत्यंत दुखी’’ है।
संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुतारेस ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए ‘‘सशस्त्र हमले’’ की कड़ी निंदा की और इस बात पर जोर दिया है कि नागरिकों के खिलाफ हमले किसी भी परिस्थिति में अस्वीकार्य हैं।
| | |
 |