वित्तीय संकट के बीच श्रीलंका में नए कैबिनेट का गठन, 4 मंत्रियों ने ली शपथ

Last Updated 04 Apr 2022 03:13:28 PM IST

श्रीलंका के राष्ट्रपति गोटाबाया राजपक्षे ने सोमवार को चार मंत्रियों को शपथ दिलाई। इसके कुछ घंटे पहले द्वीपीय देश में गंभीर आर्थिक और राजनीतिक संकट के बीच कैबिनेट ने सामूहिक रूप से इस्तीफा दे दिया था।


समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, राष्ट्रपति कार्यालय के अधिकारियों ने कहा कि पूर्व न्यायमंत्री अली साबरी ने नए वित्त मंत्री के रूप में शपथ ली, जबकि जीएल पेइरिस ने विदेश मंत्री के रूप में, दिनेश गुणवर्धने ने शिक्षा मंत्री के रूप में और जॉन्सटन फर्नांडो ने राजमार्ग मंत्री के रूप में शपथ ली।

सरकारी अधिकारियों ने कहा कि अगर विपक्षी दल एकजुट सरकार बनाने के लिए सहमत होते हैं तो आने वाले दिनों में और मंत्रियों को कैबिनेट में शपथ दिलाई जाएगी।

श्रीलंका सरकार को कई दिनों से सार्वजनिक विरोध का सामना करना पड़ रहा है, जिसमें सरकार से आर्थिक संकट, बिजली कटौती और ईंधन और अन्य आवश्यक आपूर्ति में कमी को हल करने के लिए तत्काल उपाय किए जाने की मांग की जा रही है।

दक्षिण एशियाई देश में आर्थिक अस्थिरता और ईंधन की गंभीर कमी के बीच बढ़ते विरोध के चलते कैबिनेट मंत्रियों ने रविवार रात को अपने पदों से इस्तीफा देने की पेशकश की थी।

सोमवार को, राष्ट्रपति राजपक्षे ने सभी राजनीतिक दलों को मौजूदा संकट का समाधान खोजने के लिए सरकार में शामिल होने का निमंत्रण दिया।

आईएएनएस
कोलंबो


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment