दुनिया में तेजी से बढ़ रही असहिष्णुता : गुटेरेस

Last Updated 01 May 2019 05:45:05 AM IST

संयुक्त राष्ट्र प्रमुख एंटोनियो गुटेरेस का कहना है कि दुनिया असहिष्णुता और विभिन्न पंथों के लोगों के खिलाफ घृणा आधारित हिंसा देख रही है और यह ‘जहर’ हर उस व्यक्ति के खिलाफ है, जिसे ‘दूसरा’ समझा जाता है।


संयुक्त राष्ट्र प्रमुख एंटोनियो गुटेरेस (फाइल फोटो)

उन्होंने आगाह भी किया कि इंटरनेट का कुछ हिस्सा ‘घृणा का हॉटहाउस’ बनता जा रहा है। मस्जिदों, सिनेगॉग (यहूदी प्रार्थना गृह) और अन्य धार्मिक स्थलों पर लगातार हो रहे हमलों की पृष्ठभूमि में महासचिव गुटेरेस ने यह टिप्पणी की। गौरतलब है कि हाल ही में श्रीलंका में ईस्टर के दिन हुए हमले में 250 से ज्यादा लोग मारे गए थे।

वहीं, अमेरिका में कैलिफोर्निया के पोवये में रविवार को यहूदी प्रार्थना गृह में एक बंदूकधारी ने गोलीबारी की। बुर्किना फासो में रविवार को एक चर्च पर हुए हमले में पादरी सहित छह लोग मारे गए। न्यूजीलैंड के क्राइस्टचर्च में पिछले महीने दो मस्जिदों पर हुए हमले में 50 लोगों की मौत हो गई थी।

गुटेरेस ने सोमवार को कहा, ‘पूरी दुनिया में हम देख रहे हैं कि असहिष्णुता और विभिन्न पंथों के अनुयायियों के खिलाफ घृणा आधारित हिंसा बढ़ रही है। हाल में ही अमेरिका में एक सिनेगॉग और बुर्किना फासो में एक चर्च पर हमला हुआ है।’

उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं ज्यादा होने लगी हैं। मस्जिद में मुसलमानों की हत्या, धार्मिक स्थलों में तोड़फोड़, सिनेगॉग में यहूदियों की हत्या, उनकी कब्रों पर स्वास्तिक का निशाना बनाना, चर्च में इसाइयों की हत्या, चर्च जलाया जाना.. यह सब कुछ बहुत ज्यादा हो रहा है। उन्होंने कहा कि ना सिर्फ मासूम लोगों की हत्याएं हो रही हैं, बल्कि आव्रजकों, अल्पसंख्यकों और शरणार्थियों के खिलाफ भी घृणा अपराध बढ़ रहे हैं।

भाषा
संयुक्त राष्ट्र


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment