शारदीय नवरात्र : नवरात्र शुरू होते ही हिमाचल के मंदिरों में उमड़ी भक्तों की भीड़

Last Updated 15 Oct 2023 08:48:51 AM IST

मां दुर्गा और उनके नौ रूपों को समर्पित सबसे बड़े शुभ हिंदू त्योहारों में से एक नौ दिवसीय शारदीय नवरात्र के पहले दिन रविवार को बारिश के बावजूद पूरे क्षेत्र से भक्तों की भीड़ हिमाचल प्रदेश के मंदिरों में उमड़ी।


नवरात्र शुरू होते ही हिमाचल के मंदिरों में उमड़ी भक्तों की भीड़

बिलासपुर में नैना देवी के लोकप्रिय मंदिर; ऊना में चिंतपूर्णी; हमीरपुर में बाबा बालक नाथ; कांगड़ा में ब्रजेश्वरी देवी, ज्वालाजी और चामुंडा देवी; और शिमला जिले में भीमाकाली और हटेश्वरी को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। देवी का आशीर्वाद लेने के लिए सभी मंदिरों में भारी भीड़ देखी गई।

अधिकांश तीर्थयात्री पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली से आए थे।

पहाड़ी पर स्थित नैना देवी मंदिर के एक अधिकारी ने आईएएनएस को फोन पर बताया, "हम मंदिर में प्रतिदिन 20-25 हजार भक्तों के आने की उम्मीद कर रहे हैं।"

ब्रजेश्वरी देवी, नैना देवी, चिंतपूर्णी और ज्वालाजी मंदिरों के ऑनलाइन लाइव "दर्शन" भी भक्त देख सकेंगे। वे चढ़ावा भी अर्पित कर सकते हैं।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने आईएएनएस को बताया कि सभी प्रमुख मंदिरों में भीड़ को नियंत्रित करने के लिए सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने इस अवसर पर लोगों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं।

एक संदेश में उन्‍होंने कहा, "यह पवित्र त्योहार हर किसी के जीवन में खुशी, समृद्धि और नया उत्साह लाए। देवी लोगों को मानसून के दौरान राज्य में आई आपदा से उबरने की शक्ति दें।"

उपवास रखने, देवी की पूजा करने और अनुष्ठानों का पालन करने का प्रतीक यह त्‍योहार 24 अक्टूबर को दशहरा के साथ समाप्त होगा।

आईएएनएस
शिमला


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment