ममता

Last Updated 03 Mar 2022 01:35:24 AM IST

संसार से ममता को हटा देने या संसार भर में ममता का विस्तार कर देने का एक ही अर्थ है।


श्रीराम शर्मा आचार्य

यह कि थोड़े ही दायरे में ममता को केंद्रीभूत न रहने दिया जाए वरन उसका उपयोग विस्तृत क्षेत्र में किया जाए। केवल अपने शरीर तक या स्त्री, संतान तक ममता का सीमित रहना पापमूलक है क्योंकि अन्य लोगों को विराना समझने से उनका शोषण करने की प्रवृत्ति बलवती होती है। अपनों के लिए तो त्याग और सेवा करने की इच्छा होगी। अपनी बीमारी को दूर करने के लिए मनमाना पैसा खर्च किया जा सकता है, यदि भाई को अपना मानते हैं, तो उसकी बीमारी में सहायता किए बिना न रहा जाएगा।

इस प्रकार पाप-पुण्य की प्रवृत्तियां भी इसी अहंता को सिकोड़ने और विस्तार करने पर निर्भर हैं। सदैव उद्योग करते रहिए कि अपना ‘अहम’ सीमित न रहे वरन जितना हो सके, विस्तृत किया जाए। आत्मभाव के विस्तार की सूक्ष्म मनोवृत्ति का व्यवहार उदारता में दशर्न किया जा सकता है। जिनके विचार और कार्य उदारतापूर्ण हैं, जो दूसरों की सुविधा का ध्यान रखते हैं, वास्तव में वे इस भूलोक के देवता हैं। अभागा कंजूस सोचता है कि सारी दौलत अपने लिए जोड़-जोड़ कर रख लूं, अपनी विद्या किसी पर न प्रकट करूं, अपनी शक्तियों को किसी को मुफ्त न दूं, ऐसे लोग सर्प बनकर संपदाओं की चौकीदारी करते हुए मर जाते हैं, उन्हें वह आनंद जीवन भर उपलब्ध नहीं होता जो उदारता द्वारा मिलता है।

उदार व्यक्ति पड़ोसी के बच्चों को खिलाकर बिना खर्च उतना ही आनंद प्राप्त कर लेता है जितना कि बहुत खर्च और कष्ट के साथ अपने बालकों को खिलाने में प्राप्त किया जाता है। अपने हंसते बालकों को देखकर आपकी छाती गुदगुदाने लगती है। पडोसी के उससे भी सुंदर फूल से हंसते हुए बालक को देखकर आपके दिल की कली क्यूं नहीं खिलती? अपनी फुलवारी देखकर खुश होते हैं पर पास में ही जो सुरभित उद्यान लहलहाते हैं, वे आप मे तरंगें नहीं उत्पन्न करते? आपके आसपास अनेक सदाचारी, कर्त्तव्यपरायण, मधुर स्वभाव वाले, धर्मात्मा, परोपकारी, विद्वान निवास कर रहे हैं, उनका होना आपको क्यों शांतिदायी नहीं होता? कारण यह कि आप खुद अपने हाथों अपनी एक निजी अलग दुनिया बसाना चाहते हैं, उसी से संबंध रखना चाहते हैं, उसी की उन्नति देखकर प्रसन्न होना चाहते हैं, ये काम शैतान के हैं। शैतान के कार्य आनंदप्रद नहीं हो सकते।



Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment