5जी विवाद में राहत

Last Updated 21 Jan 2022 04:23:40 AM IST

अमेरिका में 5जी सेवाएं शुरू होने के बाद से एयरलाइंस कंपनियों में हड़कंप मचा हुआ था और अनेक उड़ानें या तो रद्द कर दी गई थीं या उनका समय बदला जा रहा था।


5जी विवाद में राहत

लेकिन विमान निर्माता कंपनी बोइंग द्वारा इन विमानों के परिचालन को मंजूरी देने से एअर इंडिया ने राहत की सांस ली है। अब एअर इंडिया ने बी 777 विमान से अमेरिका के लिए छह उड़ानों का परिचालन बहाल कर दिया है।

गौरतलब है कि फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (एफएए) ने चेतावनी जारी की थी कि 5जी सेवा उड़ानों में बाधा डाल सकती है क्योंकि इससे उसे उड़ानों की ऊंचाई की गणना में गड़बड़ी होने का अंदेशा था।  बोइंग 777 विमानों को 5जी से सबसे अधिक खतरा था। विशेषज्ञों के मुताबिक, 5जी सिग्नल बोइंग 777 के आल्टीमीटर को प्रभावित कर सकता है। आल्टीमीटर विमान की जमीन से ऊंचाई बताता है और स्वचालित लैंडिंग में मदद करता है।

एअर इंडिया की अमेरिकी उड़ानें भी इस कारण प्रभावित हुई थीं। एअर इंडिया चार अमेरिकी शहरों के लिए बोइंग 777 का इस्तेमाल करती है। उसे तीन उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। बोइंग 777 इस्तेमाल करने वाली सबसे बड़ी एयरलाइंस दुबई की एमिरेट्स है। उसने नौ अमेरिकी शहरों के लिए उड़ानें रद्द कर दीं।  जापान, फ्रांस, ताइवान की विमानन कंपनियों ने भी सुरक्षा सुनिश्चित किए जाने तक बोइंग 777 विमानों की उड़ानें रोक दीं। दक्षिण कोरिया की एयरलाइंस ने अमेरिका जाने वाले विमान बदल लिए। अमेरिका की उड़ानों में बोइंग 777 सबसे ज्यादा इस्तेमाल किया जाता है।

इस समस्या का त्वरित हल विमान बदले  जाना माना जा रहा था। ब्रिटिश एयरवेज ने एयरबस ए380 का इस्तेमाल शुरू कर दिया। एमिरेटस ने भी तीन अमेरिकी शहरों के लिए ए380 का इस्तेमाल शुरू कर दिया। विशेषज्ञों के अनुसार ए350 विमानों का इस्तेमाल भी किया जा सकता है। एयरबस के इन दोनों विमानों के आल्टीमीटर सुरक्षित बताए गए हैं। वैश्विक महामारी कोविड-19 ने सबसे अधिक असर विमानन क्षेत्र पर ही डाला है।

बहुत सी एयरलाइंस दिवालियापन के कगार पर हैं क्योंकि तमाम देशों ने महामारी को रोकने के लिए सबसे पहले अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर ही रोक लगाई। 5जी तकनीक जरूरी है तो विमान यात्रियों की सुरक्षा भी उतनी ही महत्त्वपूर्ण है। बहरहाल, बोइंग को चाहिए कि 377 विमानों में जरूरी सुरक्षा इंतजाम करे।



Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment