जिंदगी रुकती नहीं

Last Updated 19 Aug 2020 01:36:56 AM IST

सितम्बर महीने में प्रस्तावित नीट और जेईई की परीक्षा अपने-अपने निर्धारित समय पर ही होगी। सर्वोच्च अदालत ने यह व्यवस्था दी है।


जिंदगी रुकती नहीं

शीर्ष अदालत का यह फैसला पूरी तरह न्यायसंगत और विवेकपूर्ण है, जिसका स्वागत किया जाना चाहिए। 11 अलग-अलग राज्यों के 11 छात्रों ने कोविड-19 महामारी के कारण नीट और जेईई परीक्षा स्थगित करने के लिए सर्वोच्च अदालत में याचिका दायर की थी, जिसे शीर्ष अदालत ने खारिज कर दिया। सर्वोच्च अदालत ने कहा है कि जिंदगी रुकती नहीं है।

वैश्विक महामारी कोविड-19 के साथ जीवन भी आगे बढ़ता रहेगा। सर्वोच्च अदालत के इस फैसले में यह ध्वनित होता है कि मनुष्य का जीवन एक स्वतंत्र प्रक्रिया है और यह निर्बाध प्रवाह से आगे बढ़ता रहता है। वास्तविक अथरे में जीवन की यही सच्चाई है, जिससे कोई भी विवेकवान प्राणी असहमत नहीं हो सकता। हालांकि मनुष्य के जीवन में अनेक बाधाएं आती हैं, रुकावटें आती हैं, बड़ी-बड़ी परेशानियां और विपत्तियां आती रहती हैं, जो मानव समुदाय को विचलित भी करती हैं। मनुष्य जीवन के संपूर्ण विकास यात्रा में कोविड-19 से भी ज्यादा बड़ी विपत्तियां आई हैं।

यह भी सच है कि मनुष्य इन विपत्तियों, प्राकृतिक प्रकोपों और महामारियों से डरता भी है, लेकिन उनका हिम्मत और बहादुरी के साथ मुकाबला करते हुए आगे भी बढ़ता है। इस समय पूरी दुनिया के लोगों में कोविड-19 का खौफ व्याप्त है, लेकिन धीरे-धीरे लोग इस खौफ से बाहर निकल रहे हैं। जीवन पटरी पर लौट रहा है। कल-कारखाने खुलने लगे हैं। औद्योगिक और व्यापारिक गतिविधियां शुरू हो रहीं हैं। बाजारों की रौनक वापस लौट रहीं हैं। लोग सावधानी के साथ अपने रोजगार-धंधों में जुटने लगे हैं। इस तरह कोविड-19 के साथ जीवन जीने की आदत डाल रहे हैं। ऐसी सूरत में नीट और जेईई की परीक्षा को स्थगित करना नकारात्मक होगा।

सर्वोच्च अदालत ने अपने फैसले में कहा है कि उन परीक्षाओं को टालने से छात्रों का न केवल अकादमिक वर्ष बर्बाद होगा बल्कि देश का भी नुकसान होगा। इन परीक्षाओं को आयोजित करने वाली एजेंसियों की यह जिम्मेदारी बनती है कि वह कोविड-19 से बचाव करने की सभी सावधानियां बरतते हुए परीक्षाएं आयोजित करे। इसलिए कोविड-19 का अनावश्यक भय पैदा करने की जरूरत नहीं है क्योंकि मनुष्य इस महामारी के साथ जीने की कला सीखने का अभ्यस्त हो रहा है।



Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment