उलझता जा रहा मामला
अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत का मामला लगातार उलझता ही जा रहा है। करीब 50 दिन बीत जाने के बावजूद जांच की गति बेहद धीमी और जटिल बनी हुई है।
उलझता जा रहा मामला |
फिलवक्त महाराष्ट्र पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। मगर सुशांत के पिताजी द्वारा सुशांत की गर्लफ्रेंड रिया चक्रवर्ती के खिलाफ बिहार में मुकदमा दर्ज कराने के बाद से महाराष्ट्र और बिहार सरकार में ठन गई है। खासकर बिहार पुलिस के अफसर और पटना के पुलिस कप्तान के साथ मुंबई पुलिस और महाराष्ट्र के बुरे बर्ताव से हर कोई असहज और आक्रोशित है। दूसरी तरफ, जिस तरह से सुशांत की मौत को लेकर रोजाना कई नये खुलासे हो रहे हैं, उससे प्रथम दृष्टया यही लगता है कि मसला कहीं से भी सामान्य नहीं है। खास तौर पर महाराष्ट्र सरकार ने जिस तरह से बिहार पुलिस के अफसरों को जांच में असहयोग किया, उसने संदेह को और गहरा किया है।
शायद इसी वजह से बिहार सरकार ने सीबीआई जांच की सिफारिश केंद्र सरकार से की जिसे मंजूरी भी मिल गई है। हालांकि बिहार सरकार द्वारा सीबीआई जांच की सिफारिश से महाराष्ट्र सरकार बिफरी हुई है और इस कदम को विशुद्ध राजनीतिक बता रही है। देखना होगा कि अब आगे क्या कुछ होगा? सीबीआई जांच की केंद्र सरकार की सिफारिश को सर्वोच्च अदालत किस रूप में लेती है, यह भी देखना दिलचस्प होगा। वैसे ये सारी कयासबाजी अगले कुछ दिनों में साफ हो जाएंगी। वैसे निष्पक्ष तौर पर देखा जाए तो महाराष्ट्र पुलिस ने अपनी तफ्तीश में उन सब बातों को शामिल नहीं किया जो सार्वजनिक तौर पर बहस के केंद्र में थीं। मसलन, सुशांत की मैनेजर दिशा सालियान की खुदकुशी की वजह क्या थी?
उनकी खुदकुशी के बाद सुशांत क्या कुछ सोच रहे थे, रिया अभी कहां हैं आदि। सोशल मीडिया में भी जिस तरह से सुशांत और सालियान की खुदकुशी को साजिश के तौर पर देखा जा रहा है, उसकी पड़ताल बेहद जरूरी है। चूंकि अब गेंद सर्वोच्च अदालत के पाले में है तो उसी के अनुरूप जांच की दिशा और दशा तय होगी। लेकिन इतना तो तय है कि सुशांत सिंह राजपूत की मौत सामान्य घटना नहीं है। देखना होगा देश की सबसे बड़ी जांच एजेंसी सीबीआई इस रहस्य पर से पर्दा उठाती है या ‘स्कॉटलैंड यार्ड’ कही जाने वाली मुंबई पुलिस यह कारनामा करती है। फिलहाल तो रहस्य का खुलासा होने तक इंतजार ही किया जा सकता है।
Tweet |