नये युग की शुरुआत

Last Updated 22 May 2020 12:46:42 AM IST

केन्द्र शासित प्रदेश जम्मू कश्मीर के लिए मूल निवास प्रमाण पत्र नियमावली से संबंधित प्रशासनिक आदेश जारी किए जाने के साथ एक युग का अंत एवं नये युग की शुरुआत हुई है।


नये युग की शुरुआत

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में जम्मू कश्मीर प्रशासनिक सेवा विकेंद्रीकरण एवं नियोजन अधिनियम के संबंध में जम्मू कश्मीर पुनर्गठन राज्य के कानूनों की स्वीकृति द्वितीय आदेश, 2020 को जारी किए जाने को स्वीकृति प्रदान करना वाकई ऐतिहासिक है।

पाक अधिकृत कश्मीर से आए पांच लाख से अधिक शरणार्थियों, 1956 में लाए गए वाल्मिकी परिवारों, गुरखों तथा जम्मू कश्मीर से बाहर शादी करने वाली महिलाओं के बच्चों का वर्षो का सपना साकार हुआ है। अब वे प्रदेश के भी नागरिक बने हैं। अनुच्छेद 370 लागू किए जाने के कारण 35 ए के तहत जम्मू कश्मीर को यह अधिकार मिल गया था कि अपना नागरिक स्वयं तय करे। तो भारत को नागरिक होना अपने आप में जम्मू कश्मीर के नागरिक होने की गारंटी नहीं था। इसी कारण प्रदेश ने नागरिकता की कट ऑफ डेट 1944 कर दी थी।

उसके बाद आए किसी को भी जम्मू कश्मीर के नागरिक होने का अधिकार नहीं था। कोई लड़की भारत के दूसरे भाग में शादी कर ले तो उसके एवं उसकी संतानों के सारे अधिकार समाप्त हो जाते थे। इस अन्याय का अब अंत हो गया है। साथ ही, 1990 के दौर में प्रदेश से निकलने को मजबूर किए गए हिंदुओं को भी जम्मू कश्मीर में उनके अधिकार मिल गए। अब स्थानीय नागरिक प्रमाण पत्र की जगह मूल निवास प्रमाण पत्र जारी किया जाएगा जिसके लिए तत्काल केवल 15 दिन का समय नियत कर दिया गया है ताकि अधिकारी-कर्मचारी जानबूझ कर मामले को नहीं लटकाएं।

वस्तुत: जो भी व्यक्ति 15 वर्ष तक जम्मू कश्मीर में रह गया वो वहां का नागरिक माना जाएगा। जिसने वहां 10वीं एवं 12वीं पास की और कम से सात वर्ष तक वहां पढ़ा वह भी नागरिक माना जाएगा। जम्मू कश्मीर प्रशासनिक सेवा में 10 वर्ष काम करने वालों को भी वहां का नागरिक होने का अधिकार होगा। जम्मू कश्मीर पैंथर्स पार्टी ने इसका विरोध किया है लेकिन अब यह लागू हो चुका है। हमारा मानना है कि 15 वषर्, 10 वर्ष और सात वर्ष पढ़ाई की शत्रे भी ज्यादा हैं, और यह परोक्ष रूप से फिर राज्य को विशेष अधिकार दे देती हैं। इसलिए इन्हें भी खत्म किया जाना चाहिए।



Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment