कांग्रेस का निर्थक प्रलाप

Last Updated 17 Oct 2019 06:42:25 AM IST

भाजपा ने महाराष्ट्र में होने वाले आगामी विधानसभा के लिए जारी चुनावी घोषणा पत्र में विनायक दामोदर सावरकर को भारत रत्न देने की मांग की है।


कांग्रेस का निर्थक प्रलाप

भाजपा की मांग पर मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस और भाकपा  निर्थक अपनी छाती पीट रहीं हैं। सावरकर हिंदू राष्ट्रवादी थे। हिंदू राष्ट्र का सपना साकार करना उनका ध्येय था। वास्तविकता यही है कि भाजपा की हिंदू सांस्कृतिक राष्ट्रवाद की जड़ें सावरकर के हिंदुत्ववादी विचारों से ही प्रस्फुटित होती हैं। यही वजह है कि भाजपा ने कभी भी सावरकर को अपनी मूल नीतियों और विचारों से अलग करके नहीं देखा। आज की परिस्थितियों में भले ही वह सावरकर की विचारधारा को मुख्य मोच्रे पर लेकर न आए लेकिन उनकी राष्ट्रवादी विचारधारा-सांस्कृतिक राष्ट्रवाद-से स्वयं को अलग नहीं कर सकती। इसलिए कांग्रेस और भाकपा जैसे राजनीतिक संगठन आज भले ही भाजपा की आलोचना करें कि सावरकर ने अंग्रेजों से माफी मांगी थी, लेकिन सचाई यही है कि इन विचलनों की वजह से भाजपा सावरकर को नकार नहीं सकती। भारतीय क्रांतिकारी आंदोलन से भी बहुत लोग टूट गए थे, लेकिन इन विचलनों की वजह से क्रांतिकारी आंदोलन का महत्त्व कम नहीं हो गया था। इसी तरह सावरकर के एक विचलन से यह अपेक्षा की जाए कि भाजपा सावरकर की विचारधारा से पूरी तरह मुंह मोड़ लेगी, बहुत ही भोली और मूर्खतापूर्ण अपेक्षा है। भाजपा इस समय बहुत ही सुनियोजित रणनीति के साथ काम कर रही है।

वह अपने हिंदूवादी विचारों के साथ उनका आधुनिकीकरण कर रही है। इसलिए वह एक ओर सावरकर को भारत रत्न देने की मांग कर रही है, तो दूसरी ओर ज्योतिबा फुले और सावित्री बाई फुले के लिए भी भारत रत्न की मांग कर रही है। उसकी इस मांग से यह नहीं मान लेना चाहिए कि भाजपा सवर्ण हिंदुवादी राजनीति का विस्तार कर रही है, बल्कि इसके विपरीत वह हिंदुत्व के अपने छाते तले उन सभी विचारों का समावेश कर रही है, जो हिंदुत्व को एक नया समन्वयवादी स्वरूप प्रदान कर रहे हैं। इतना तो भाजपा भी अच्छी तरह से जानती है कि गांधी, आम्बेडकर, फुले को समायोजित करने से हिंदुत्व के कट्टरपंथी चेहरे को नरमी मिलती है, और हिंदुत्व अधिक समावेशी और समय सापेक्ष होता है। इसलिए कांग्रेस, भाकपा आदि राजनीतिक पार्टियों को भाजपा को परास्त करने के लिए इस तरह की आलोचना करने के बजाय किसी दूसरी रणनीति की तलाश करनी चाहिए।



Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment