Champions Trophy 2025: रोमांचक मुकाबले में अफगानिस्तान ने इंग्लैंड को दिखाया चैम्पियंस ट्रॉफी से बाहर का रास्ता
Champions Trophy 2025: इब्राहिम जदरान (Ibrahim Zadran) (177) की रिकार्ड शतकीय पारी और आमतउल्लाह ओमरजई (58 रन पर पांच विकेट) की बदौलत अफगानिस्तान ने बुधवार को एक रोमांचक मुकाबले में इंग्लैंड को आठ रन से हरा कर चैंपियंस ट्राफी से बाहर का रास्ता दिखा दिया।
![]() इब्राहिम जदरान |
अफगानिस्तान ने पहले खेलते हुए निर्धारित 50 ओवर में 325 रन बनाए। जिसके जवाब में इंग्लैंड की पारी 49.5 ओवर में 317 रन बना कर सिमट गयी।
इंग्लैंड की अफगानिस्तान के खिलाफ यह लगातार दूसरी हार है। इससे पहले अफगान टीम ने 2023 वनडे विश्व कप में इंग्लैंड को 69 रन से हराया था।
अफगानिस्तान की जीत के नायक इब्राहिम जदरान और आमतउल्लाह ओमरजई रहे। जदरान ने 177 रन की शतकीय पारी से अफगानिस्तान को एक चुनौतीपूर्ण लक्ष्य खड़ा करने में अहम योगदान दिया।
यह किसी भी अफगान खिलाड़ी का वनडे मैच में सर्वाधिक व्यक्तिगत स्कोर है। जदरान ने इससे पहले श्रीलंका के खिलाफ 2022 में 166 रन की पारी खेली थी। यहां उन्होने उस रिकॉर्ड को भी ध्वस्त कर दिया।
जो रूट (120) ने इंग्लैंड को जीत की दहलीज तक पहुंचाने का भरसक प्रयास किया मगर 46वें ओवर में ओमरजई ने उन्हें पैवेलियन का रास्ता दिखा कर इंग्लैंड की उम्मीदों को झटका दिया।
आखिरी के ओवर में जेमी ओवर्टन (32) और जाफ्रा आर्चर (14) ने अच्छे शाट खेलकर मैच में रोमांच वापस लाने की कोशिश की मगर अंतत: वे अफगानिस्तान के खिलाफ एक और पराजय को टाल नहीं सके।
ग्रुप बी में अब आस्ट्रेलिया, दक्षिण अफ्रीका और अफगानिस्तान के बीच शीर्ष दो में अपना स्थान बनाने की होड़ होगी।
| Tweet![]() |