IND vs NZ, ICC World Cup 2023 : विराट का रिकॉर्ड शतक, भारत चौथी बार फाइनल में

Last Updated 16 Nov 2023 06:52:09 AM IST

विराट कोहली (Virat Kohli) ने वनडे में शतकों का अर्धशतक पूरा करके सचिन तेंदुलकर (Sachin Tendulkar) का रिकॉर्ड तोड़ा, जबकि मोहम्मद शमी (Mohammed Shami) ने सात विकेट लेकर गेंदबाजी में फिर से कमाल दिखाया।


मुंबई : वनडे में 50वां शतक जमाने पर खुशी में दौड़ते विराट कोहली।

IND vs NZ, ICC World Cup 2023 : जिससे भारत ने बुधवार को न्यूजीलैंड को 70 रन से हराकर सेमीफाइनल में हारने के मिथक को तोड़कर चौथी बार वनडे विश्व कप के फाइनल में जगह बनाई। भारत इससे पहले 1987, 1996, 2015 और 2019 में सेमीफाइनल से आगे नहीं बढ़ पाया था। चार साल पहले मैनचेस्टर में न्यूजीलैंड ने उसका विजय अभियान थामा था, जिसका उसने मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में हिसाब चुकता किया।

भारत ने टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी करते हुए चार विकेट पर 397 रन बनाए और इस तरह से विश्व कप के नॉकआउट चरण में सबसे बड़े स्कोर का रिकॉर्ड अपने नाम किया। इसके जवाब में न्यूजीलैंड की टीम 48.5 ओवर में 327 रन बनाकर आउट हो गई। अहमदाबाद में रविवार को होने वाले फाइनल में भारत का सामना आस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के बीच दूसरे सेमीफाइनल के विजेता से होगा। दो बार का चैंपियन भारत इससे पहले 1983, 2003 और 2011 में फाइनल में पहुंचा था।

भारत की तरफ से कोहली ने 117 गेंद पर 113 रन, जबकि श्रेयस अय्यर ने 70 गेंद पर 105 रन बनाए। इन दोनों ने 128 गेंद पर 163 रन जोड़े। इससे पहले कप्तान रोहित शर्मा ने 29 गेंद पर 47 रन की तूफानी पारी खेल कर भारत को तेज शुरुआत दिलाई जबकि बीच में रिटार्यड हर्ट होने वाले शुभमन गिल ने अंतिम ओवर में वापसी की और कुल 66 गेंद पर नाबाद 80 रन की पारी खेली। केएल राहुल 20 गेंद पर 39 रन बनाकर नाबाद रहे।

मुंबई : न्यूजीलैंड के टॉम लैथम को आउट करने पर शमी।न्यूजीलैंड का स्कोर एक समय दो विकेट पर 39 रन था जिसके बाद डेरिल मिशेल (119 गेंद पर 134) और कप्तान केन विलियमसन (73 गेंद पर 69 रन) ने तीसरे विकेट के लिए 181 रन की साझेदारी की। मिशेल ने अपनी पारी में नौ चौके और सात छक्के लगाए। शमी ने अपने कॅरियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 57 रन देकर सात विकेट लेकर भारतीय रिकॉर्ड बनाया। यह पहला अवसर है जबकि भारत के किसी गेंदबाज ने वनडे मैच में सात विकेट लिए।

कोहली ने 106 गेंद पर अपना शतक पूरा करके तेंदुलकर के सामने उनका वनडे क्रिकेट में सर्वाधिक शतक का रिकॉर्ड तोड़ा। वह वनडे में शतकों का अर्धशतक पूरा करने वाले पहले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने इस पारी के दौरान किसी एक विश्व कप में सर्वाधिक रन बनाने के तेंदुलकर (2003 में 673 रन) का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया। पिछले मैच में शतक जड़ने वाले अय्यर ने अपनी उसी लय को बरकरार रखा।

रोहित बने विश्व कप के ‘सिक्सर किंग’

भारतीय कप्तान रोहित शर्मा न्यूजीलैंड के खिलाफ सेमी फाइनल में बुधवार को अपनी पारी के दौरान विश्व कप में सर्वाधिक छक्के जड़ने वाले बल्लेबाज बन गए। रोहित ने अपनी 47 रन की पारी के दौरान चार छक्के लगाए, जिससे विश्व कप में उनके कुल छक्कों की संख्या 51 हो गई।

उन्होंने वेस्ट इंडीज के पूर्व सलामी बल्लेबाज क्रिस गेल का रिकॉर्ड तोड़ा जिन्होंने हर चार साल में होने वाले इस टूर्नामेंट में 49 छक्के लगाए थे। रोहित मौजूदा टूर्नामेंट में अभी तक 28 छक्के लगा चुके हैं और किसी एक विश्व कप में सर्वाधिक छक्के लगाने का रिकॉर्ड अब उनके नाम पर दर्ज हो गया है। इस मामले में भी उन्होंने गेल का रिकॉर्ड तोड़ा जिन्होंने 2015 में खेले गए विश्व कप में 26 छक्के लगाए थे।

इस बीच विराट कोहली वनडे क्रिकेट में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में तीसरे नंबर पर पहुंच गए हैं।

स्कोर बोर्ड

भारत -
रोहित शर्मा का. विलियमसन बो. साउदी     49
शुभमन गिल (नाबाद)    80
विराट कोहली का. कॉन्वे बो. साउदी     117
श्रेयस अय्यर का. मिशेल बो. बोल्ट     105
लोकेश राहुल (नाबाद)    39
सूर्यकुमार यादव का. फिलिप्स बो. साउदी     01
अतिरिक्त -    08
कुल - (50 ओवर में चार विकेट पर)     397
विकेटपतन - 1/71, 2/327, 3/381, 4/382
गेंदबाजी - बोल्ट 10-0-86-1, साउदी 10-0-100-3, सेंटनेर 10-1-51-0, फग्यरूसन 8-0-65-0, रविंद्र 7-0-60-0, फिलिप्स 5-0-33-0

न्यूजीलैंड -
डेवोन कॉन्वे का. राहुल बो. शमी     13
रचिन रविंद्र का. राहुल बो. शमी     13
केन विलियमसन का. सूर्यकुमार बो. शमी     69
डेरिल मिशेल का. जडेजा बो. शमी     134
टॉम लैथम पगबाधा बो. शमी     00
ग्लेन फिलिप्स का. जडेजा बो. बुमराह     41
मार्क चैपमैन का. रोहित बो. कुलदीप     02
मिशेल सेंटनेर का. रोहित बो. सिराज     08
टिम साउदी का. राहुल बो. शमी    09
ट्रेंट बोल्ट (नाबाद)    00
लॉकी फग्यरूसन का. राहुल बो. शमी     06
अतिरिक्त -    30
कुल - (48.5 ओवर में सभी आउट)     327
विकेटपतन - 1/30, 2/39, 3/220, 4/220, 5/295, 6/298, 7/306, 8/319, 9/321
गेंदबाजी - बुमराह 10-0-64-1, सिराज    9-0-78-1, शमी 9.5-0-57-7, जडेजा 10-0-63-0 कुलदीप 10-0-55-1

भाषा
मुंबई


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment