NED vs SA ICC World Cup : एक और बड़ा उलटफेर, नीदरलैंड ने द. अफ्रीका को 38 रन से हराया

Last Updated 18 Oct 2023 06:17:29 AM IST

स्कॉट एडवर्डस की कप्तानी पारी और गेंदबाजों के उत्कृष्ट प्रदर्शन से नीदरलैंड ने मंगलवार को बारिश से प्रभावित मैच में दक्षिण अफ्रीका को 38 रन से हराया जो आईसीसी वनडे विश्व कप में तीन दिन के अंदर दूसरा बड़ा उलटफेर है।


धर्मशाला : दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाज डेविड मिलर को आउट करने पर खुशी में दौड़ते नीदरलैंड के लोगन वान बीक (आगे) और साथी खिलाड़ी।

नीदरलैंड ने अफगानिस्तान की मौजूदा चैंपियन इंग्लैंड के खिलाफ मिली जीत से प्रेरणा लेकर दक्षिण अफ्रीका के विजय अभियान पर रोक लगाई। दक्षिण अफ्रीका की टीम ने पहले दो मैच में बड़े अंतर से जीत दर्ज की थी।

नीदरलैंड ने पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किए जाने के बाद निर्धारित 43 ओवर में आठ विकेट पर 245 रन चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। एडवर्डस ने 69 गेंद पर नाबाद 78 रन बनाए जिसमें 10 चौके और एक छक्का शामिल है। उनके बाद दूसरा सर्वोच्च स्कोर अतिरिक्त रन (31) का रहा।

इसके जवाब में कई स्टार खिलाड़ियों से सजी दक्षिण अफ्रीका की टीम 42.5 ओवर में 207 रन बनाकर आउट हो गई। उसकी तरफ से डेविड मिलर ने 43 और केशव महाराज ने 40 रन बनाए।

नीदरलैंड की तरफ से लोगन वान बीक ने तीन जबकि रीलोफ वान डर मर्व, पॉल वान मीकरेन और बास डी लीडे ने दो-दो विकेट लिए। नीदरलैंड ने पिछले साल टी-20 विश्व कप में भी दक्षिण अफ्रीका को हराया था।

बारिश के कारण खेल देर से शुरू हुआ, जिससे मैच को 43 ओवर का कर दिया गया। दक्षिण अफ्रीका की शुरुआत बहुत खराब रही तथा उसने आठ रन के अंदर चार विकेट गंवाए जिससे उसका स्कोर बिना किसी नुकसान के 36 रन से चार विकेट पर 44 रन हो गया।

पहले दो मैच में शतक जड़ने वाले ¨क्वटन डिकॉक (20) आउट होने वाले पहले बल्लेबाज थे। कॉलिन एकरमैन ने उन्हें विकेट के पीछे कैच कराया। इसके बाद वान डर मर्व ने कप्तान तेंबा बावुमा (16) जबकि पॉल वान मीकरेन ने एडेन मार्कराम (01) की गिल्लियां बिखेरी। वान डर मर्व ने अगले ओवर में वान डर डुसेन (04) को आउट कर दक्षिण अफ्रीका को गहरे संकट में डाल दिया।

विकेट गिरने का क्रम यहीं पर नहीं थमा। हेनरिक क्लासेन (28) और माकरे यानसेन (09) भी क्रीज पर पर्याप्त समय बिताने के बावजूद मिलर का लंबे समय तक साथ नहीं दे पाए। मिलर भी जब 23 रन पर थे तो बास डी लीडे ने वान डर मर्व की गेंद पर लॉन्ग ऑन पर उनका कैच छोड़ दिया था।

मिलर इसका फायदा नहीं उठा पाए और लोगन वान बीक ने उन्हें ¨स्वग लेती गेंद पर बोल्ड करके दक्षिण अफ्रीका की रही सही उम्मीद भी समाप्त कर दी। केशव महाराज ने 37 गेंद पर पांच चौके ऑन और एक छक्का लगाकर दर्शकों का मनोरंजन करने के साथ हार का अंतर भी कम किया।

इससे पहले बादल छाए हुए थे और ऐसे में दक्षिण अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। कगिसो रबाडा, माकरे यानसेन और लुंगी एनगिडी ने अनुकूल परिस्थितियों का फायदा उठाकर नीदरलैंड का स्कोर 34वें ओवर में सात विकेट पर 140 रन कर दिया।

इन तीनों तेज गेंदबाजों ने दो-दो विकेट लिए। दक्षिण अफ्रीका के गेंदबाज हालांकि अंतिम ओवरों में रन प्रवाह रोकने में नाकाम रहे। उन्होंने अंतिम पांच ओवर में 68 रन लुटाए।

एडवर्डस को निचले क्रम के बल्लेबाजों से अच्छा सहयोग मिला। उन्होंने रीलोफ वान डर मर्व (19 गेंदों पर 29 रन) के साथ आठवें विकेट के लिए 64 रन की साझेदारी की। दसवें नंबर के बल्लेबाज आर्यन दत्त ने नौ गेंद पर नाबाद 23 रन का योगदान दिया।

रबाडा ने मैच की अपनी पहली गेंद पर ही विक्रमजीत सिंह (02) को आउट कर दिया जबकि यानसेन ने उनके सलामी जोड़ीदार मैक्स ओडोउड (18) को छह गेंद बाद पैवेलियन का रास्ता दिखाया।

रबाडा ने ऑलराउंडर बास डी लीडे (02) को पगबाधा आउट किया। इस तरह से नियमित अंतराल में विकेट गंवाने के कारण नीदरलैंड की टीम संकट में दिख रही थी। एडवर्डस और दक्षिण अफ्रीका की तरफ से 26 मैच खेल चुके वान डर मर्व ने जवाबी हमले की रणनीति अपनाई जो कारगर साबित हुई।

स्कोर बोर्ड

नीदरलैंड -
विक्रमजीत सिंह का. क्लासेन बो. रबाडा     02
मैक्स ओडोउड डिकॉक बो. यानसेन     18
कॉलिन एकरमैन बो. गेराल्ड कोएत्जी     12
बास डी लीडे पगबाधा बो. रबाडा     02
एंगेलब्रेक्ट का. यानसेन बो. लुंगी एनगिडी     19
तेजा निदामानुरु पगबाधा बो. यानसेन     20
स्कॉट एडवर्डस (नाबाद)    78
लोगान वैन बीक स्टंप डिकॉक बो. महाराज     10
वान डर मर्व का. डिकॉक बो. लुंगी एनगिडी     29
आर्यन दत्त (नाबाद)    23
अतिरिक्त -     32
कुल - (43 ओवर में आठ विकेट पर)    245
विकेटपतन - 1/22, 2/24, 3/40, 4/50, 5/82, 6/112, 7/140, 8/204
गेंदबाजी - लुंगी एनगिडी 9-1-57-2, माकरे यानसेन 8-1-27-2, कगिसो रबाडा 9-1-56-2, गेराल्ड कोएत्जी 8-0-57-1, केशव महाराज 9-0-38-1

दक्षिण अफ्रीका -
तेंबा बावुमा बो. वान डर मर्व     16
¨क्वटन डिकॉक का. एडवर्डस बो. ऐकरमैन     20   
वान दर डुसेन का. दत्त बो. वान डर मर्व     04
एडन मार्कराम बो. मीकरेन     01
क्लासेन का. विक्रमजीत बो. वान बीक     28
डेविड मिलर बो. वान बीक     43
माकरे यानसेन बो. मीकरेन     09
गेराल्ड कोएत्जी का. एडवर्डस बो. डी लीडे     22
केशव महाराज का. एडवर्डस बो. वान बीक     40
कगिसो रबाडा का. एंगलब्रेख्त बो. डी लीडे     09
लुगी एनगिडी (नाबाद)    07
अतिरिक्त -    08
विकेटपतन - 1/36, 2/39, 3/42, 4/44, 5/89, 6/109, 7/145, 8/147, 9/166
गेंदबाजी - आर्यन दत्त 5-1-19-0, लोगन वान बीक 8.5-0-60-3, कोलिन एकरमैन 3-0-16-1, पॉल वान मीकरेन 9-0-40-2, रीलोफ वान डर मर्व 9-0-34-2, बास डी लीडे 8-0-36-2

भाषा
धर्मशाला


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment