IPL 2023 : सूर्यकुमार, नेहल ने दिलाई जीत, मुंबई तीसरे स्थान पर

Last Updated 10 May 2023 10:31:21 AM IST

सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) और नेहल वढेरा (Nehal Wadhera) के अर्धशतक और दोनों के बीच तीसरे विकेट की शतकीय साझेदारी से मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) मंगलवार को यहां इंडियन प्रीमियर लीग में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर (Royal Challengers Bangalore) को 6 विकेट से हराकर अंक तालिका में तीसरे स्थान पर पहुंच गया।


मुंबई : मैच विजयी तूफानी पारी के दौरान शॉट खेलते सूर्यकुमार।

मुंबई इंडियंस ने आरसीबी के 200 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए सूर्यकुमार (35 गेंद में 83 रन, सात चौके, छह छक्के) और वढेरा (34 गेंद में 52 रन, चार चौके, तीन छक्के) के बीच 66 गेंद में 140 रन की साझेदारी से 21 गेंद शेष रहते चार विकेट पर 200 रन बनाकर जीत दर्ज की। सलामी बल्लेबाज ईशान किशन (21 गेंद में 42 रन, चार चौके, चार छक्के) ने भी ताबड़तोड़ पारी खेली।
इस जीत से मुंबई इंडियंस के 11 मैच में 12 अंक हो गए हैं और टीम तीसरे स्थान पर पहुंच गई है। आरसीबी की टीम 11 मैच में 10 अंक के साथ सातवें स्थान पर खिसक गई है और उसकी प्ले ऑफ में जगह बनाने की राह मुश्किल हो गई है। आरसीबी ने इससे पहले ग्लेन मैक्सवेल (33 गेंद में 68 रन, आठ चौके, चार छक्के) और कप्तान फाफ डुप्लेसी (41 गेंद में 65 रन, पांच चौके, तीन छक्के) के अर्धशतक और दोनों के बीच तीसरे विकेट की 62 गेंद में 120 रन की साझेदारी से छह विकेट पर 199 रन बनाए। इन दोनों के अलावा दिनेश कार्तिक (30) ही 20 रन के आंकड़े को पार कर पाए।
मुंबई की ओर से जेसन बेहरेनडोर्फ सबसे सफल गेंदबाज रहे जिन्होंने 36 रन देकर तीन विकेट चटकाए। कैमरन ग्रीन, कुमार कार्तिकेय और क्रिस जोर्डन ने भी एक-एक विकेट चटकाया। जोर्डन हालांकि काफी महंगे रहे। उन्होंने चार ओवर में 48 रन लुटाए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई की टीम को किशन ने कप्तान रोहित शर्मा के साथ 4.4 ओवर में 51 रन जोड़कर तेज शुरुआत दिलाई। किशन ने मोहम्मद सिराज की पारी की पहली गेंद पर ही चौके के साथ खाता खोला और फिर अगले ओवर में जोश हेजलवुड पर भी लगातार दो चौके मारे। ईशान ने सिराज के अगले ओवर में भी लगातार दो छक्के मारे। उन्होंने वा¨नदु हसरंगा (53 रन पर दो विकेट) का स्वागत एक चौके और एक छक्के के साथ किया लेकिन इसी ओवर में विकेटकीपर अनुज रावत को कैच दे बैठे। हसरंगा ने इसी ओवर में रोहित (07) को पगबाधा करके मुंबई को दूसरा झटका दिया।
मुंबई ने पावरप्ले में दो विकेट पर 62 रन बनाए। सूर्यकुमार और वढेरा ने इसके बाद पारी को आगे बढाया। वढेरा 15 रन के निजी स्कोर पर भाग्यशाली रहे जब हसरंगा ने अपनी ही गेंद पर उनका कैच टपका दिया। सूर्यकुमार और वढेरा ने स्ट्राइक रोटेक करने को तरजीह दी और बीच-बीच में गेंद को बाउंड्री के दर्शन भी कराए। मुंबई के रनों का सैकड़ा 11वें ओवर में पूरा हुआ। सूर्यकुमार और वढेरा दोनों ने इस ओवर में हसरंगा पर छक्के मारे। सूर्यकुमार ने इसके बाद तीखे तेवर दिखाए। उन्होंने सिराज की लगातार गेंदों पर चौका और छक्का जड़ा और फिर अगली गेंद पर एक रन के साथ 26 गेंद में अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने अगले ओवर में हसरंगा पर भी दो छक्के मारे।
मुंबई को अंतिम पांच ओवर में सिर्फ 26 रन की जरूरत थी। सूर्यकुमार ने 16वें ओवर में विजयकुमार विशाक (37 रन पर दो विकेट) की लगातार गेंदों पर दो छक्के और एक चौका मारा।  

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर -
विराट कोहली का. ईशान बो. बेहरेनडोर्फ    01
फाफ डुप्लेसी का. स्थानापन्न बो. ग्रीन     65
अनुज रावत का. ग्रीन बो. बेहरेनडोर्फ     06
ग्लेन मैक्सवेल का. वढेरा बो. बेहरेनडोर्फ     68
महिपाल लोमरोर बो. कार्तिकेय     01
दिनेश कार्तिक का. वढेरा बो. जोर्डन     30
केदार जाधव (नाबाद)    12
वा¨नदु हसरंगा (नाबाद)    12
अतिरिक्त -     04
कुल - (20 ओवर में छह विकेट पर)     199
विकेटपतन - 1/2, 2/16, 3/136, 4/143, 5/146, 6/185
गेंदबाजी - बेहरेनडोर्फ 4-0-36-3, पीयूष चावला 4-0-41-0, कैमरन ग्रीन 2-0-15-1, क्रिस जोर्डन 4-0-48-1, कार्तिकेय 4-0-35-1, मधवाल 2-0-23-0

मुंबई इंडियंस -
ईशान किशन का. रावत बो. हसरंगा     42
रोहित शर्मा पगबाधा बो. हसरंगा     07
सूर्यकुमार यादव का. जाधव बो. विशाक     83
नेहल वढेरा (नाबाद)    52
टिम डेविड का. मैक्सवेल बो. विशाक     00
कैमरन ग्रीन (नाबाद)    02
अतिरिक्त -     14
कुल - (16.3 ओवर में चार विकेट पर)     200
विकेटपतन - 1/51, 2/52, 3/192, 4/192
गेंदबाजी - सिराज 3-0-31-0, हेजलवुड 3-0-32-0, हसरंगा 4-0-53-2, विशाक 3-0-37-2, हर्षल 3.3-0-41-0

भाषा
मुंबई


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment