WPL के लिए नीलामी : स्मृति मंधाना, स्किवर व गार्डनर को मिली सबसे बड़ी रकम

Last Updated 14 Feb 2023 08:45:07 AM IST

भारतीय उप कप्तान स्मृति मंधाना शुरुआती महिला प्रीमियर लीग (WPL) के लिए यहां सोमवार को हुई नीलामी में सबसे ज्यादा राशि में बिकने वाली खिलाड़ी रहीं जिन्हें रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर (RCB) ने बोली की टक्कर में मुंबई इंडियंस को पछाड़ते हुए 3.40 करोड़ रुपए (410,000 डॉलर) में खरीदा।


भारतीय उप कप्तान स्मृति मंधाना

नीलामी में 10 भारतीय खिलाड़ी एक करोड़ रुपए से ज्यादा की राशि हासिल करने में सफल रहीं लेकिन कप्तान हरमनप्रीत कौर को मुंबई इंडियंस ने काफी सस्ता मंधाना से आधी राशि में 1.80 करोड़ रुपए में अपनी टीम में शामिल किया। वह मुंबई की सबसे महंगी खिलाड़ी भी नहीं हैं क्योंकि टीम ने इंग्लैंड की नैट स्किवर ब्रंट को सबसे ज्यादा 3.20 करोड़ रुपए देकर हासिल किया।

हरमनप्रीत नीलामी में खरीदी गई शीर्ष छह भारतीय खिलाड़ियों में भी शामिल नहीं है क्योंकि देश की दूसरी सबसे महंगी बिकने वाली खिलाड़ी ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा हैं जिन्हें यूपी वारियर्स ने 2.6 करोड़ रुपए में खरीदा। ताबड़तोड़ बल्लेबाजी के लिए मशहूर युवा शेफाली वर्मा और रविवार को पाकिस्तान के खिलाफ विश्व टी-20 मैच की स्टार रहीं जेमिमा रोड्रिग्स को दिल्ली कैपिटल्स ने क्रमश: दो और 2.20 करोड़ रुपए में खरीदा। ऑलराउंडर पूजा वस्त्राकर (मुंबई इंडियंस) और ऋचा घोष (आरसीबी) को भी 1.90 करोड़ रुपए मिले।

शेफाली के साथ पारी का आगाज करने वाली यास्तिका भाटिया को मुंबई इंडियंस ने 1.50 करोड़ रुपए में खरीदा जबकि रेणुका सिंह को आरसीबी ने इतनी ही राशि पर अपने साथ जोड़ा। देविका वैद्य को यूपी वारियर्स ने 1.40 करोड़ रुपए में अपनी टीम में शामिल किया। दिल्ली कैपिटल्स के लिए सबसे अच्छा सौदा समकालीन महिला क्रिकेट की बेहतरीन खिलाड़ियों में से एक आस्ट्रेलिया की मेग लैनिंग को 1.10 करोड़ रुपए में खरीदना रहा।

नीलामी के पहले दौर में आस्ट्रेलिया की ऑफ स्पिन ऑलराउंडर एशले गार्डनर को गौतम अडानी की गुजरात जायंट्स ने 3.20 करोड़ रुपए (386,000 डॉलर) में खरीदा। गार्डनर और नैट स्किवर विदेशी खिलाड़ियों में सबसे ज्यादा राशि हासिल करने वाले खिलाड़ी रहीं। आस्ट्रेलिया की स्टार ऑलराउंडर एलिस पैरी 1.70 करोड़ रुपए (205,000 डॉलर) में बिकीं जिनकी बोली आरसीबी ने जीती। आरसीबी ने न्यूजीलैंड की कप्तान सोफी डेविने को 50 लाख रुपए के सस्ते ‘बेस प्राइस’ में अपनी टीम में शामिल किया। यूपी वारियर्स ने इंग्लैंड की बाएं हाथ की स्पिनर सोफी एक्लेस्टोन को खरीदने में 1.80 करोड़ रूपये खर्च किए। इनमें से पांच संभावित कप्तान मंधाना (आरसीबी), हरमनप्रीत (मुंबई इंडियंस), लैनिंग (दिल्ली कैपिटल्स), बेथ मूनी (गुजरात जायंट्स) और दीप्ति शर्मा (यूपी वारियर्स) हैं।

नीलामी सूची

दिल्ली कैपिटल्स (कीमत रुपए में)
जेमिमा रोड्रिग्स 2.20 करोड़, शेफाली वर्मा 2.00 करोड़, मारिजाने काप 1.50 करोड़, मेग लैनिंग 1.10 करोड़, एलिस कैप्से 75 लाख, शिखा पांडे 60 लाख, जेस जोनासेन 50 लाख, लॉरा हैरिस 45 लाख, राधा यादव 40 लाख, अरुंधति रेड्डी 30 लाख, मीनू मणि 30 लाख, पूनम यादव 30 लाख, स्नेहा दीप्ति 30 लाख, तानिया भाटिया 30 लाख, टिटास साधु 25 लाख, जसिया अख्तर 20 लाख. अपर्णा मंडल 10 लाख, तारा नॉरिस 10 लाख।   

गुजरात जायंट्स
एशले गार्डनर 3.20 करोड़, बेथ मूनी 2 करोड़, जॉर्जिया वारेहम 75 लाख, स्नेह राणा 75 लाख, अनाबेल सदरलैंड 70 लाख, डायंड्रा डॉटिन 60 लाख, सोफिया डंकले 60 लाख, सुषमा वर्मा 60 लाख, तनुजा कंवर 50 लाख, हरलीन देओल 40 लाख, अश्विनी कुमारी 35 लाख, दयालन हेमलता 30 लाख, मानसी जोशी 30 लाख, मोनिका पटेल 30 लाख, सबिनेनी मेघना 30 लाख, हल्रे गाला 10 लाख, परुणिका सिसोदिया 10 लाख, शबनम शकील 10 लाख।

मुंबई इंडियंस
नैट स्किवर 3.2 करोड़, पूजा वस्त्राकर 1.90 करोड़, हरमनप्रीत कौर 1.80 करोड़, यास्तिका भाटिया 1.50 करोड़, अमेलिया केर 1 करोड़, अमनजोत कौर 50 लाख, हेले मैथ्यूज 40 लाख, क्लो ट्रायोन 30 लाख, हीथर ग्राहम 30 लाख, इसाबेल वोंग 30 लाख, प्रियंका बाला 20 लाख, धारा गुर्जर 10 लाख, हुमैरा काजी 10 लाख, जिंतिमनी कलिता 10 लाख, नीलम बिष्ट 10 लाख, सायका इशाक 10 लाख, सोनम यादव 10 लाख।

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर
स्मृति मंधाना 3.40 करोड़, ऋचा घोष 1.90 करोड़, एलिस पैरी 1.70 करोड़, रेणुका सिंह 1.50 करोड़, सोफी डेविने 50 लाख, हीथर नाइट 40 लाख, मेगन शुट 40 लाख, कनिका आहुजा 35 लाख, डेन वैन निकर्क 30 लाख, एरिन बर्न्‍स 30 लाख. प्रीति बोस 30 लाख, कोमल जंजाद 25 लाख, आशा शोभना 10 लाख, दिशा कासत 10 लाख, इंद्राणी राय 10 लाख, पूनम खेमनार 10 लाख, सहाना पवार 10 लाख, श्रेयंका पाटिल 10 लाख।

यूपी वारियर्स
दीप्ति शर्मा 2.60 करोड़, सोफी एक्लेस्टोन 1.80 करोड़, देविका वैद्य 1.40 करोड़, तहलिया मैकग्रा1.40 करोड़, शबनीम इस्माइल 1 करोड़, ग्रेस हैरिस 75 लाख, एलिसा हीली 70 लाख, अंजलि सरवनी 55 लाख, राजेश्वरी गायकवाड़ 40 लाख, श्वेता सहरावत 40 लाख, किरण नवगिरे 30 लाख, लॉरेन बेल 30 लाख, लक्ष्मी यादव 10 लाख, पार्शवी चोपड़ा 10 लाख, एस. यशश्री 10 लाख, सिमरन शेख 10 लाख।

भाषा
मुंबई


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment