पंजाब किंग्स ने रॉयल चैलेंजर्स को हराया

Last Updated 28 Mar 2022 01:28:58 AM IST

शिखर धवन और भानुका राजपक्षे की 43-43 रन की पारी के बाद आखिरी ओवरों में मैन ऑफ द मैच ओडीन स्मिथ और शाहरुख खान की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी से पंजाब किंग्स ने आईपीएल के बड़े स्कोर वाले मैच में रविवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर को पांच विकेट से हराया।


पंजाब किंग्स ने रॉयल चैलेंजर्स को हराया

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर ने पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने के बाद दो विकेट पर 205 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया लेकिन पंजाब की टीम ने एक ओवर बाकी रहते ही पांच विकेट पर 208 रन बनाकर नए सत्र में शानदार आगाज किया। स्मिथ ने  आखिरी ओवरों में आठ गेंद में तीन छक्के और एक चौका जड़े। उन्हें शाहरुख खान (20 गेंद में 24 रन) का अच्छा साथ मिला और दोनों ने महज 4.1 ओवर में 52 रन की अटूट साझेदारी कर टीम को जीत दिला दी।
इससे पहले नए कप्तान फाफ डुप्लेसी की 88 रन की आतिशी पारी और पूर्व कप्तान विराट कोहली के साथ दूसरे विकेट के लिए 118 रन की साझेदारी के दम पर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर बड़ा स्कोर खड़ा किया। अपनी पारी की शुरुआत 30 गेंद में 17 रन बनाने वाले डुप्लेसी ने 57 गेंद की पारी में सात छक्के और चार चौके लगाए। कोहली ने भी उनका शानदार तरीके से साथ देते हुए 29 गेंद में एक चौका और दो छक्के जड़ित नाबाद पारी में 41 रन बनाए। आखिरी ओवरों में दिनेश कार्तिक ने 14 गेंद में नाबाद 32 रन बनाए। उन्होंने तीन चौके और इतने ही छक्के जड़े।
पंजाब की टीम ने लक्ष्य का पीछा शानदार तरीके से शुरू किया। नए कप्तान मयंक अग्रवाल और शिखर धवन ने पावर प्ले में 63 रन की साझेदारी कर पंजाब को अच्छी शुरुआत दिलायी। बेंगलोर के कप्तान ने आठवें ओवर में गेंद श्रीलंका के स्पिनर वानिंदु हसरंगा (40 रन पर एक विकेट) को थमाई और उन्होंने पहली ही गेंद पर मयंक अग्रवाल को पैवेलियन की राह दिखायी और धवन के साथ शुरुआती विकेट के लिए 71 रन की साझेदारी को तोड़ा। मयंक ने 24 गेंद में 32 रन बनाए। इसके बाद क्रीज पर आए भानुका राजपक्षे ने हर्षल पटेल के खिलाफ छक्का लगाकर अपना हाथ खोला। उन्होंने हमवतन हसरंगा के अगले ओवर में लगातार गेंदों पर छक्का और चौका जड़ा।



रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर -
फाफ डुप्लेसी का. शाहरुख बो. अर्शदीप     88
अनुज रावत बो. राहुल चाहर    21
विराट कोहली (नाबाद)    41
दिनेश कार्तिक (नाबाद)    32
अतिरिक्त -    23
कुल - (20 ओवर में दो विकेट पर)     205
विकेटपतन - 1/50, 1/168
गेंदबाजी - संदीप शर्मा 4-0-37-0, अर्शदीप सिंह 4-0-31-1, ओडीन स्मिथ 4-0-52-0, राहुल चाहर 4-0-22-1, हरप्रीत बराड़ 3-038-0, लियाम लिविंगस्टोन 1-0-14-0
पंजाब किंग्स -
मयंक अग्रवाल का. शाहबाज बो. हसरंगा     32
शिखर धवन का. अनुज बो. हर्षल     43
भानुका राजपक्षे का. शाहबाज बो. सिराज     43
लिविंगस्टोन का. अनुज बो. आकाश दीप     19
राज बावा पगबाधा बो. सिराज    00
शाहरुख खान (नाबाद)    24
ओडीन स्मिथ (नाबाद)    25
अतिरिक्त -    22
कुल - (19 ओवर में पांच विकेट पर)     208
विकेटपतन - 1/71, 2/118, 3/139, 4/139, 5/156
गेंदबाजी - डेविड विली 3-0-28-0, मोहम्मद सिराज 4-0-59-2, शाहबाज अहमद 1-0-6-0, आकाश दीप 3-0-38-1, वनिंदु हसरंगा 4-0-40-1, हर्षल पटेल 4-0-36-1

भाषा
मुंबई


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment