क्रिकेट जगत ने की गांगुली के जल्द स्वस्थ होने की कामना

Last Updated 02 Jan 2021 04:57:33 PM IST

कप्तान विराट कोहली समेत भारतीय क्रिकेट जगत ने बीसीसीआई (भारतीय क्रिकेट बोर्ड) अध्यक्ष और राष्ट्रीय टीम के पूर्व कप्तान को सौरव गांगुली के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।




सौरव गांगुली(फाइल फोटो)

सौरव गांगुली हल्का दिल का दौरा पड़ने के बाद अस्पताल में भर्ती है। शुक्रवार शाम वर्कआउट सत्र के बाद उन्होंने सीने में दर्द की शिकायत दी और आज दोबारा ऐसी समस्या के बाद परिवार के सदस्य उन्हें अस्पताल ले गए।

इस पूर्व बल्लेबाज का उपचार कर रहे निजी अस्पताल के चिकित्सकों ने कहा, ‘‘उन्हें हल्का दिल का दौरा पड़ा था लेकिन उनकी हालत स्थिर है और उन्हें ‘कोरोनरी एंजियोग्राम’ की आवश्यकता होगी। ’’

गांगुली को अस्पताल की ‘क्रिटिकल केयर यूनिट’ (सीसीयू) में भर्ती कराया गया है।    

भारतीय कप्तान कोहली ने ट्वीट किया, ‘‘ आपके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहा हूं। जल्द ही ठीक हो जाइये।’’

बीसीसीआई के सचिव जय शाह ने बताया कि गांगुली पर उपचार का अच्छा असर हो रहा है।

शाह ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, ‘‘ मैं गांगुली के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना और प्रार्थना कर रहा हूं। मैंने उनके परिवार से बात की है। दादा (गांगुली) की स्थिति स्थिर हैं और उन्हें उपचार का फायदा हो रहा है।’’

बीसीसीआई और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने भी गांगुली के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। बीसीसीआई ने ट्वीट किया, ‘‘ बीसीसीआई अध्यक्ष के जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हैं।’’

आईसीसी ने लिखा, ‘‘ भारत के पूर्व कप्तान और बीसीसीआई के वर्तमान अध्यक्ष सौरव गांगुली को आज सुबह हल्के स्तर के हृदयघात का सामना करना पड़ा। उनकी स्थिति अब स्थिर है। हम उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं।’’

वीरेंद्र सहवाग, हरभजन सिंह, अनिल कुंबले और गौतम गंभीर जैसे गांगुली के पूर्व साथी खिलाड़ियों ने भी उनके जल्द ठीक होने की कामना की।

सहवाग ने ट्वीट किया, ‘‘दादा, जल्दी से ठीक होने का, आपके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना कर रहा हूं।’’

गंभीर ने ट्वीट किया, ‘‘ गांगुली को शीघ्र स्वस्थ होने की कामना। ध्यान रखे और भगवान आपकी रक्षा करें।’’    

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गांगुली के अस्पताल के भर्ती होने पर चिंता जताई है।

 

ममता ने ट्वीट किया, ‘‘गांगुली को हल्का दिल का दौरा पड़ने और उनके अस्पताल में भर्ती होने की खबर सुनकर दुख हुआ। उनके जल्द और पूरी तरह से उबरने की कामना करती हूं। मेरी प्रार्थनाएं उनके और उनके परिवार के साथ हैं।’’

पश्चिम बंगाल के राज्यपाल जगदीप धनखड़ ने भी उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने लिखा, ‘‘दिल के दौरे का सामना कर रहे गांगुली के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना कर रहा हूं। वुडलैंड्स अस्पताल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने बताया कि वह स्थिर हैं।’’

 

 

भाषा
कोलकाता


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment