बीसीसीआई ने चेतन चौहान के निधन पर शोक जताया

Last Updated 16 Aug 2020 11:33:12 PM IST

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने पूर्व क्रिकेटर चेतन चौहान के निधन पर शोक व्यक्त किया है। क्रिकेटर से राजनेता बने चौहान का रविवार को किडनी खराब होने की वजह से निधन हो गया।


पूर्व क्रिकेटर चेतन चौहान (file photo)

वह कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। हालत खराब होने के बाद उन्हें मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उनका निधन हो गया।

बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली ने चौहान के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा, " चेतन चौहान के निधन के बारे में सुनकर मुझे गहरा दुख हुआ है। जब वह भारतीय क्रिकेट टीम के मैनेजर थे, तो मैंने उनके साथ काफी समय बिताया है।"

उन्होंने कहा, " वह न केवल वह एक सख्त सलामी बल्लेबाज थे, बल्कि एक जबरदस्त इंसान भी थे और भारतीय क्रिकेट के प्रति उनका जबरदस्त लगाव था। इस वर्ष को भूलने की जरूरत है क्योंकि इसने बहुत सारे हमारे प्रिय लोगों को हमसे दूर कर दिया। वह हमेशा हमारे साथ रहेंगे। इस मुश्किल समय से निकलने के लिए भगवान उनके परिवार को शक्ति दे।"

बेहतरीन सलामी बल्लेबाज माने जाने वाले चौहान ने 1969 से 1981 के बीच भारत के लिए 40 टेस्ट और सात वनडे मैच खेले थे।



वह सुनील गावस्कर के जबर्दस्त सलामी जोड़ीदार थे, जिन्होंने मिलकर 10 शतकीय साझेदारी की थी। दोनों बल्लेबाजों ने 1979 में ओवल में दूसरी पारी में 213 रन की साझेदारी की थी। दोनों बल्लेबाज 59 पारियों में 3010 रन जोड़ चुके थे, जोकि एक रिकॉर्ड है। बाद में वीरेंद्र सहवाग और गौतम गंभीर की सलामी जोड़ी ने इस रिकॉर्ड को तोड़ा था।

चौहान ने 179 प्रथम श्रेणी मैचों में 11000 रन बनाए थे और साथ ही उन्होंने महाराष्ट्र और दिल्ली का भी प्रतिनिधित्व किया था।

क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद वह दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ (डीडीसीए) में उपाध्यक्ष, सचिव और मुख्य चयनकर्ता भी रहे। वह 2007-08 में आस्ट्रेलिया दौरे पर भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य मैनेजर भी थे। 1980-81 में उन्हें अर्जुन अवॉर्ड से सम्मानित किया गया था।

चौहान हाल के समय में उत्तर प्रदेश सरकार में खेल मंत्री थे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंत्री के निधन पर शोक व्यक्त किया है। चौहान एक प्रसिद्ध क्रिकेटर भी थे।

इसके अलावा प्रदेश के मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह, मोहसिन राजा और राजेंद्र प्रताप ने भी शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवदेना व्यक्त की।

आईएएनएस
मुंबई


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment