विश्व कप : रोहित का एक और शतक, बांग्लादेश को 315 रनों का लक्ष्य

Last Updated 02 Jul 2019 08:17:59 PM IST

आईसीसी विश्व कप-2019 में भारतीय टीम ने रोहित शर्मा के शानदार शतक की बदौलत बांग्लादेश के सामने 315 रनों का लक्ष्य रखा है। हालांकि, उम्मीद इससे भी बेहतर स्कोर की थी लेकिन भारतीय मध्यक्रम उम्मीद के मुताबिक एक बार फिर प्रदर्शन नहीं कर सका।




रोहित शर्मा का शानदार शतक

आईसीसी विश्व कप-2019 एजबेस्टन में मंगलवार को भारतीय टीम को रोहित शर्मा (104) और लोकेश राहुल (77) ने शानदार शुरुआत दी। लेकिन, बाद में रफ्तार ऐसी ही नहीं रह सकी। आखिरी के पांच ओवरों में भारतीय टीम 35 रन ही बना सकी और चार विकेट गंवा बैठी। बांग्लादेश के लिए बाएं हाथ के तेज गेंदबाज मुस्ताफिजुर रहमान ने 10 ओवरों में 59 रन देकर पांच विकेट लिए। आखिरी ओवर में रहमान ने सिर्फ तीन रन दिए और दो विकेट लिए। भुवनेश्वर इस ओवर में रनआउट हुए। भारतीय टीम ने निर्धारित 50 ओवर में 314 का स्कोर खड़ा किया।

विराट कोहली ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी चुनी। रोहित ने इंग्लैंड के खिलाफ पिछले मैच में शतक लगाया था। इस मैच में जब वह बल्लेबाजी करने उतरे तो लगा कि उन्होंने वहीं से शुरुआत की है। राहुल ने उनका बखूबी साथ दिया।

रोहित जहां तेजी से रन बनाने के मूड में थे तो राहुल ने समझदारी दिखाते हुए उनको स्ट्राइक देने का काम किया। रोहित को शुरुआत में एक जीवनदान भी मिला। तमीम इकबाल ने उनका कैच छोड़ दिया। यहां रोहित सिर्फ नौ रनों के निजी स्कोर पर थे।

रोहित को इस तरह का जीवनदान देना कितना खतरनाक था, यह बांग्लादेश को पता चला। रोहित ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की। उन्होंने 29वें ओवर की आखिरी गेंद पर एक रन लेकर इस विश्व में अपना चौथा और कुल 26 शतक पूरा किया।

अगले ओवर में वह सौम्य सरकार की गेंद पर लिटन दास को कैच देकर पवेलियन लौट लिए। उन्होंने राहुल के साथ पहले विकेट के लिए 176 रन जोड़े। यह विश्व कप में भारत के लिए पहले विकेट की अभी तक की सबसे बड़ी साझेदारी है। रोहित ने 92 गेंदों का सामना किया और सात चौके व पांच छक्के मारे।

रोहित के जाने के बाद राहुल भी तीन ओवर बाद रुबेल हुसैन का शिकार हो गए। उन्होंने 92 गेंदों का सामना किया और छह चौके व एक छक्का मारा।

कप्तान कोहली का विश्व कप का छठा अर्धशतक नहीं लगा सके। रहमान ने उन्हें 237 के कुल स्कोर पर रुबेल के हाथों कैच कराया। कोहली ने 27 गेंदों पर 26 रन बनाए। हार्दिक पांड्या बिना खाता खोले पवेलियन लौट लिए।

अब पंत और धोनी क्रीज पर थे और भारत को 350 के आस-पास पहुंचने की उम्मीद थी, लेकिन पंत 41 गेंदों में 48 रन बनाकर 45वें ओवर की पहली गेंद पर 277 के कुल स्कोर पर आउट हुए। दिनेश कार्तिक का बल्ला तेजी से रन नहीं बना सका। उन्होंने नौ गेंदों में पर आठ रन बनाए।



धोनी ने आखिरी ओवर में शुरुआती दो गेंदों पर एक भी रन नहीं लिया और अगली गेंद पर आउट हो गए। भुवनेश्वर कुमार (2) पांचवीं और मोहम्मद शमी (1) आखिरी गेंद पर आउट हुए।

अगले मैच की पहली गेंद पर रहमान हैट्रिक पर होंगे।

आईएएनएस
बर्मिघम


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment