हॉकी : कोरोना वायरस के कारण महिला टीम का चीन दौरा रद्द, नई विपक्षी टीम की तलाश जारी

Last Updated 07 Feb 2020 03:59:06 PM IST

भारतीय महिला हॉकी टीम का आगामी चीन दौरा कोरोनावायरस के कारण रद्द कर दिया गया है। अब हॉकी इंडिया को इस दौरे के बदले नई विपक्षी टीम की तलाश है।


भारतीय टीम की कप्तान रानी रामपाल (फाइल फोटो)

भारतीय टीम को टोक्यो ओलंपिक की तैयारियों के मद्देनजर 14 से 25 मार्च तक चीन दौरा करना था।

भारतीय टीम की कप्तान रानी रामपाल ने शुक्रवार को कहा, "कोरोनावायरस के कारण हम चीन नहीं जा रहे हैं। अब हमारे कोच हॉकी इंडिया के साथ मिलकर नई टीम की तलाश कर रहे हैं।"

चीन में बढ़ते कोरोनावायरस को देखते हुए यह फैसला लिया गया। इस वायरस के कारण अब तक 636 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि करीब 32 हजार लोग इससे प्रभावित हैं।

रानी ने आगे कहा, "हमें जल्द ही यह बताया जाएगा कि अब हमें किस देश के खिलाफ खेलना है। अभी तक तो हमारे पास एक सप्ताह का समय है। इसके बाद हम चार सप्ताह के ट्रेनिंग कैम्प में हिस्सा लेंगी।"

हॉकी इंडिया की सीईओ एलेना नार्मन ने कहा, "हॉकी इंडिया को अगले सप्ताह तक नई टीम के मिल जाने की उम्मीद है। हमारी कुछ फेडरेशंस के साथ बातचीत चल रही है। अभी तक तो यही जानकारी है। जब तक हमें पुष्ट जवाब नहीं मिल जाता तब तक इस बारे में ज्यादा कुछ कहना उचित नहीं होगा।"

आईएएनएस
नयी दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment