टोक्यो में ओलंपिक गोल्ड का अपना अधूरा सपना पूरा करने उतरेंगे रोजर फेडरर

Last Updated 15 Oct 2019 10:46:41 AM IST

स्विट्जरलैंड के दिग्गज टेनिस खिलाड़ी रोजर फेडरर ने अगले साल टोक्यो ओलम्पिक में हिस्सा लेने की पुष्टि कर दी है। बीबीसी ने फेडरर के हवाले से लिखा, "आखिरी में मेरे दिल ने फैसला किया है कि मैं ओलम्पिक में खेलना पसंद करूंगा।"


20 बार के ग्रैंड स्लैम विजेता फेडरर ने कहा, "मैं अपनी टीम से पिछले कुछ दिनों से चर्चा कर रहा था कि मुझे ग्रीष्मकाल में विंबलडन के बाद और अमेरिकी ओपन से पहले क्या करना चाहिए।"

फेडरर ने कहा, "मैंने एथेंस और बीजिंग ओलम्पिक खेलों में स्विट्जरलैंड का झंडा थामा था। मुझे स्वर्ण और रजत पदक मिला था। मैं एक बार फिर खेलना पसंद करूंगा। मैं इसे लेकर काफी उत्साहित हूं।"

फेडरर ने अभी तक ओलम्पिक खेलों में एकल वर्ग में स्वर्ण नहीं जीता है। उन्होंने लंदन ओलम्पिक-2012 में रजत पदक जीता था। वह ब्रिटेन के एंडी मरे से हार गए थे। चोट के कारण वह रियो ओलम्पिक-2016 में नहीं खेल सके थे।

फेडरर ने कहा, "यह मेरा पांचवां ओलम्पिक होगा। मुझे उम्मीद है कि मैं तब तक स्वस्थ रहूंगा।"

जापान की राजधानी में खेलों का महाकुंभ कहे जाने वाले ओलम्पिक खेलों का आयोजन 24 जुलाई से नौ अगस्त के बीच होगा।

आईएएनएस
लंदन


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment