उत्तराखंड: केदारनाथ में यात्रियों को ले जा रहा हेलिकॉप्टर क्रैश, 6 श्रद्धालुओं समेत सात की मौत

Last Updated 18 Oct 2022 12:43:35 PM IST

उत्तराखंड से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां रुद्रप्रयाग केदारनाथ से पहले गरुड़ चट्टी में हेलीकॉप्टर क्रैश हुआ है। उसमें सवार छह श्रद्धालुओं समेत सात लोगों की मृत्यु हो गयी।


केदारनाथ धाम में हेलिकॉप्टर क्रैश, 7 की मौत

प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) अशोक कुमार ने बताया कि दुर्घटना में मरने वालों में पायलट भी शामिल है।

उन्होंने बताया कि दुर्घटना के शिकार श्रद्धालु रूद्रप्रयाग जिले में स्थित केदारनाथ मंदिर के दर्शन कर वापस आ रहे थे कि तभी रास्ते में उनके हेलीकॉप्टर में आग लग गयी।

 

कुमार ने बताया कि हादसे के कारणों का तत्काल पता नहीं चल पाया है लेकिन दुर्घटना संभवत: कोहरे के चलते हुई।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही राज्य आपदा प्रतिवादन बल के साथ ही पुलिस और जिला प्रशासन के दल भी बचाव कार्य के लिए घटनास्थलपर पहुंच गए। उन्होंने बताया कि हादसे का शिकार श्रद्धालुओं की शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसे पर दुख व्यक्त किया है तथा घटना की विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं।

नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि उनका मंत्रालय स्थिति की लगातार निगरानी कर रहा है।

उन्होंने एक ट्वीट में कहा, ‘‘केदारनाथ में हेलीकॉप्टर दुर्घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। हम नुकसान की भयावहता का पता लगाने के लिए राज्य सरकार के संपर्क में हैं और स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए हैं।"

नागरिक उड्डयन मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि दुर्घटना में शामिल हेलीकॉप्टर ‘आर्यन एविएशन’ द्वारा संचालित किया जा रहा था।
 

भाषा
देहरादून


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment